कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने खपराडीह में ‘हर घर नल से जल’ योजना का किया निरीक्षण

TEJASWI NATH SONI

March 13, 2026

अंतिम घर तक पानी पहुंचाने के निर्देश, जल संरक्षण के लिए सोखता गड्ढा बनाने ग्रामीणों को किया प्रेरित

बलौदाबाजार, 13 मार्च 2026। कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने गुरुवार को तहसील भाटापारा अंतर्गत ग्राम खपराडीह में जल जीवन मिशन के तहत संचालित हर घर नल से जल योजना का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि गांव के अंतिम घर तक नियमित रूप से नल से पानी पहुंचना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही नल के पास सोखता गड्ढा निर्माण कर जल संरक्षण के लिए ग्रामीणों को प्रोत्साहित किया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ग्राम सुरखी में योजना के अंतिम छोर पर लगे नल को चालू कर पानी की उपलब्धता की जांच की। पानी का दबाव कम होने पर उन्होंने अधिकारियों से कारण पूछा। इस पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (पीएचई) के अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र की ऊंचाई अधिक होने के कारण पानी का दबाव कम हो रहा है।

कलेक्टर ने मौके पर उपस्थित ग्रामीणों से नल-जल व्यवस्था और सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के बारे में भी जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में प्रतिदिन सुबह 7 बजे और शाम 5 बजे लगभग एक-एक घंटे पानी की आपूर्ति होती है। साथ ही पीडीएस दुकान नियमित रूप से खुलती है और चावल व शक्कर का वितरण किया जाता है।

उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों को निर्देश दिया कि सभी शासकीय भवनों और प्रधानमंत्री आवासों में वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम विकसित कराया जाए, ताकि वर्षा जल का संरक्षण किया जा सके।

इससे पहले कलेक्टर ने पानी टंकी और क्लोरीनेटर कक्ष का भी निरीक्षण किया। उन्होंने टंकी की क्षमता और सफाई व्यवस्था की जानकारी लेते हुए निर्देश दिया कि टंकी की सफाई की तिथि और अगली सफाई की तिथि स्पष्ट रूप से अंकित की जाए। अधिकारियों ने बताया कि पानी टंकी की क्षमता लगभग 45 हजार लीटर है और इसकी हाल ही में सफाई कराई गई है।

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत की सीईओ सुश्री दिव्या अग्रवाल, एसडीएम श्यामा पटेल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

District Bureau Chief BALODA BAZAR

Share this content:

Leave a Comment