
रिपोर्टर टेकराम कोसले
महासमुंद, 13 मार्च 2026। संचालनालय खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण, नवा रायपुर के निर्देशानुसार जिले में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों की उपलब्धता, आपूर्ति व्यवस्था और उपभोक्ताओं की दैनिक आवश्यकता की समीक्षा के लिए कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई। यह बैठक कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशन में संपन्न हुई, जिसमें अपर कलेक्टर रवि साहू ने खाद्य विभाग के अधिकारियों और जिले के सभी गैस एजेंसी संचालकों के साथ विस्तृत चर्चा की।
बैठक के दौरान गैस एजेंसी संचालकों ने जानकारी दी कि जिले में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उपभोक्ताओं की बुकिंग के अनुसार गैस सिलेंडरों की डिलीवरी नियमित और सुचारू रूप से की जा रही है। एजेंसी संचालकों ने यह भी बताया कि सप्लाई प्लांट से सिलेंडरों की आपूर्ति में किसी प्रकार की समस्या नहीं है और फिलहाल जिले में गैस की उपलब्धता पूरी तरह सामान्य है।
खाद्य अधिकारी अजय यादव ने बैठक में सभी गैस एजेंसियों को निर्देश देते हुए कहा कि हितग्राहियों को उनकी बुकिंग और पात्रता के अनुसार निर्धारित क्रम में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएं। इसके साथ ही एजेंसियों को अपने स्टॉक का रिकॉर्ड नियमित रूप से अद्यतन रखने तथा उसकी जानकारी समय-समय पर विभाग को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि जिले में गैस सिलेंडरों की किसी प्रकार की कमी नहीं है। प्रशासन की ओर से उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे गैस की कमी से जुड़ी किसी भी प्रकार की अफवाहों या भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें। अनावश्यक रूप से गैस सिलेंडर जमा करने या लंबी कतार में लगने की आवश्यकता नहीं है। उपभोक्ता आवश्यकता होने पर ही गैस की बुकिंग कर सिलेंडर प्राप्त करें।
इस बैठक में सहायक खाद्य अधिकारी मनीष यादव, खाद्य निरीक्षक सुशील शर्मा सहित जिले के सभी गैस वितरक, एजेंसी संचालक और प्रोपाइटर उपस्थित रहे।