
रिपोर्टर टेकराम कोसले
सक्ति, 11 मार्च 2026।
जिले के मालखरौदा जनपद क्षेत्र में बढ़ती पेयजल समस्या को ध्यान में रखते हुए जनपद पंचायत मालखरौदा द्वारा महत्वपूर्ण पहल की गई। 15वें वित्त आयोग विकास निधि के तहत जनपद क्षेत्र की 15 ग्राम पंचायतों को 15 पानी टैंकर प्रदान किए गए, जिससे गर्मी के मौसम में ग्रामीणों को पेयजल संकट से राहत मिल सकेगी।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष कविशरण वर्मा तथा जिला पंचायत सीईओ वाशु जैन की विशेष उपस्थिति में टैंकरों का वितरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान सभी टैंकरों का विधिवत पूजन-अर्चन किया गया और अतिथियों द्वारा हरी झंडी दिखाकर उन्हें संबंधित ग्राम पंचायतों के लिए रवाना किया गया।
कार्यक्रम में मालखरौदा अनुविभागीय अधिकारी रूपेंद्र पटेल, जनपद पंचायत सीईओ संदीप कश्यप, विकासखंड शिक्षा अधिकारी सहित जनपद पंचायत के सभी सभापति और जनपद सदस्य उपस्थित रहे। इसके अलावा 15 ग्राम पंचायतों के सरपंच, मंडल मालखरौदा एवं अड़भार के मंडल अध्यक्ष तथा भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
जनपद पंचायत अध्यक्ष कविशरण वर्मा ने कहा कि गर्मी के मौसम में कई गांवों में पानी की समस्या गंभीर हो जाती है। इसे ध्यान में रखते हुए जनपद पंचायत ने 15वें वित्त आयोग की राशि से पानी टैंकर उपलब्ध कराने का निर्णय लिया, ताकि जरूरत पड़ने पर गांवों में पेयजल आपूर्ति सुचारु रूप से की जा सके।
वहीं जिला पंचायत सीईओ वाशु जैन ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है और इस तरह की पहल से गांवों में जल संकट को कम करने में मदद मिलेगी।
ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि टैंकर मिलने से गर्मी के दिनों में पानी की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी।