
सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में गुरुवार को उस समय राजनीतिक माहौल गरमा गया जब जिला कांग्रेस कमेटी सारंगढ़ के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यालय का घेराव करते हुए जमकर नारेबाजी की और प्रदेश सरकार के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर की।
कांग्रेस नेताओं ने इस दौरान बढ़ती महंगाई, किसानों की समस्याओं और भाजपा नेताओं पर लगे अफीम खेती के आरोपों को लेकर सरकार को घेरते हुए कहा कि प्रदेश में आम जनता कई समस्याओं से जूझ रही है, लेकिन सरकार इन मुद्दों को गंभीरता से नहीं ले रही है। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “भाजपा सरकार होश में आओ”, “महंगाई पर रोक लगाओ” जैसे नारे लगाकर विरोध जताया।
पुलिस प्रशासन रहा मुस्तैद
प्रदर्शन के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क नजर आया। भाजपा कार्यालय के आसपास पुलिस बल तैनात रहा और पूरे कार्यक्रम की निगरानी की जाती रही। हालांकि प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
सरकार जनता की समस्याओं से भटका रही ध्यान – ताराचंद देवांगन
इस मौके पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष ताराचंद देवांगन ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है और महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। उन्होंने कहा कि सरकार जनता की मूल समस्याओं से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है।
देवांगन ने भाजपा नेताओं पर लगे अफीम खेती के आरोपों को गंभीर बताते हुए कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर लगातार आवाज उठाएगी और जनता के सामने सच्चाई लाने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी अब गांव-गांव जाकर सरकार की नाकामियों को उजागर करेगी और जनता को जागरूक करेगी।
बड़ी संख्या में पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ता
इस प्रदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए और भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के बाद जिले में कांग्रेस और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी तेज हो गया है।
इस अवसर पर नोबेल वर्मा (सारंगढ़ प्रभारी), ताराचंद देवांगन (जिलाध्यक्ष), मितेन यादव (पिछड़ा वर्ग जिलाध्यक्ष), गोल्डी नायक (जिला महामंत्री), सोनी अजय बंजारे (नगर पालिका अध्यक्ष सारंगढ़), बिनोद भारद्वाज (जिला पंचायत सदस्य), अरुण मालाकार (पूर्व जिलाध्यक्ष), कन्हैया सारथी (जिला महामंत्री), पवन नायक, अभिनव पुजारी, धर्मेन्द्र चौहान, ताराचंद पटेल (पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष बरमकेला), नीतीश बंजारे (जिला उपाध्यक्ष), दीनानाथ नायक (किसान कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष बरमकेला) सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।