
रिपोर्टर टेकराम कोसले
बलौदाबाजार, 7 मार्च 2026। जिले में शासन की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत गरीब परिवारों के पक्के मकान के सपने साकार हो रहे हैं। इसी कड़ी में कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने शुक्रवार को कसडोल विकासखंड के ग्राम अमोदी का दौरा कर प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत बने नए मकान में हितग्राही लता यादव के परिवार को गृहप्रवेश कराया और उन्हें आवास की चाबी सौंपी।
गृहप्रवेश के अवसर पर कलेक्टर ने हितग्राही लता यादव पति पदुम यादव और उनके परिवार को नए घर की बधाई दी। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का सही तरीके से लाभ लेकर लोग अपने जीवन को बेहतर और खुशहाल बना सकते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना को गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए महत्वपूर्ण योजना बताते हुए कहा कि इससे कच्चे घरों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित और पक्का मकान मिल रहा है।
कच्चे घर से पक्के मकान तक का सफर
हितग्राही लता यादव ने बताया कि उनका परिवार पहले कच्चे मकान में रहता था, जहां बरसात और अन्य मौसम में कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता था। वर्ष 2024-25 में उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास स्वीकृत हुआ। योजना के अंतर्गत उन्हें कुल 1 लाख 20 हजार रुपये की राशि तीन किश्तों में प्राप्त हुई, जिससे उनका पक्का मकान तैयार हो सका। उन्होंने नए घर के लिए शासन और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
आंगनबाड़ी केंद्र का भी किया निरीक्षण
ग्राम अमोदी पहुंचने पर कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण भी किया। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मलाती केवट से बच्चों की उपस्थिति, पूरक पोषण आहार, कुपोषण की स्थिति और भोजन की गुणवत्ता के बारे में जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बच्चों के लिए बनाए गए भोजन की गुणवत्ता को स्वयं चखकर देखा और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों को खेल-खेल में सीखने की आदत विकसित की जाए तथा उन्हें रंगों और आकृतियों की पहचान कराने जैसी गतिविधियों पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि प्रारंभिक शिक्षा बेहतर तरीके से मिल सके।
कई अधिकारी रहे मौजूद
इस दौरान सीईओ जिला पंचायत सुश्री दिव्या अग्रवाल, एसडीएम आर.आर. दुबे, सीएमएचओ डॉ. राजेश कुमार अवस्थी, डीईओ संजय गुहे सहित अन्य अधिकारी और ग्रामवासी भी उपस्थित रहे।