बलौदाबाजार में होली से पहले खाद्य एवं औषधि प्रशासन की सख्ती, मिठाई दुकानों से लिए नमूने, टाटा बेसन के एक बैच पर प्रतिबंध

TEKRAM KOSLE

February 28, 2026

रिपोर्टर टेकराम कोसले

बलौदाबाजार, 28 फरवरी 2026। होली पर्व को ध्यान में रखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने जिले में सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान मिठाई दुकानों और होटलों का निरीक्षण कर गुजिया, पेड़ा (खुला) और बेसन (खुला) के नमूने लेकर विश्लेषण हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला कालीबाड़ी भेजे गए हैं। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
भाटापारा में प्रमुख प्रतिष्ठानों का निरीक्षण
जांच टीम ने खेमजी होटल, कलकत्ता स्वीट्स और न्यू काशीराम सुपर मार्केट का निरीक्षण कर मिठाइयों के नमूने संकलित किए। निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारकर्ताओं को निम्न निर्देश दिए गए—
खाद्य परिसरों एवं निर्माण स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखें।
मिठाई एवं नमकीन निर्माण में गुणवत्तायुक्त सामग्री का उपयोग करें।
किसी भी खाद्य पदार्थ में अखाद्य रंग (जैसे “श्री गणेश”, “गाय छाप” रंग) का प्रयोग न करें।
ग्राहकों को भी सलाह दी गई कि वे त्योहारी सीजन में कम कृत्रिम रंगों वाली मिठाइयां खरीदें तथा पैक्ड खाद्य पदार्थ लेते समय अवसान तिथि और खाद्य लाइसेंस/पंजीयन नंबर अवश्य जांचें।
टाटा संपन्न फाइन बेसन के एक बैच पर जिले में प्रतिबंध
जिला महासमुंद से संकलित टाटा संपन्न फाइन बेसन (500 ग्राम), बैच नंबर GV5H0844D1, पैक्ड तिथि 08.08.2025 एवं अवसान तिथि 07.03.2026 को जांच के बाद असुरक्षित घोषित किया गया है। जांच प्रतिवेदन दिनांक 27.01.2026 को कैली लैब प्रा. लि. द्वारा जारी किया गया।
खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम 2006 की धारा 38 (3) (ख) के तहत अभिहित अधिकारी, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, जिला बलौदाबाजार-भाटापारा ने उक्त बैच के विक्रय, वितरण एवं भंडारण पर जिले के संपूर्ण क्षेत्र में प्रतिबंध लगा दिया है।
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि यदि उक्त बैच नंबर का उत्पाद किसी दुकान में उपलब्ध हो तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित विभाग को दें। होली जैसे त्योहार में खाद्य सुरक्षा को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment