थाना पलारी में जिलाबदर आरोपी गिरफ्तार, “समाधान सेल” की सूचना पर कार्रवाई

TEKRAM KOSLE

February 27, 2026

रिपोर्टर टेकराम कोसले

बलौदाबाजार-भाटापारा, 27 फरवरी 2026। पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में जिले में संचालित “समाधान सेल” की सक्रियता से एक और सफलता हाथ लगी है। प्राप्त सूचना के आधार पर थाना पलारी पुलिस ने जिलाबदर के आरोपी नारायण साहू (27 वर्ष), निवासी ग्राम टीला, थाना पलारी को गिरफ्तार किया है।
“समाधान सेल” हेल्पलाइन से मिली सूचना, मौके पर धरपकड़
पुलिस द्वारा आमजन की शिकायतों और सूचनाओं के त्वरित निराकरण हेतु शुरू की गई महत्वाकांक्षी योजना “समाधान सेल” के हेल्पलाइन नंबर 94792 20392 पर 27.02.2026 को सूचना प्राप्त हुई कि जिलाबदर आरोपी नारायण साहू पलारी के बालसमुंद तालाब के पास घूम रहा है। सूचना मिलते ही थाना पलारी की टीम ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
जिलाबदर आदेश के बावजूद जिले में मिला मौजूद
पुलिस अधीक्षक की अनुशंसा पर जिला दंडाधिकारी, जिला बलौदाबाजार-भाटापारा द्वारा आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम 1990 की धारा 3, 5(ख) (संशोधित 2023) के तहत जिलाबदर का आदेश जारी किया गया था। आदेशानुसार आरोपी को जिला बलौदाबाजार-भाटापारा सहित सीमावर्ती जिलों—बिलासपुर, रायपुर, महासमुंद, मुंगेली, जांजगीर, सक्ति, बेमेतरा और सारंगढ़-बिलाईगढ़—की सीमाओं से बाहर रहने के निर्देश दिए गए थे तथा न्यायालय की अनुमति के बिना प्रवेश निषिद्ध किया गया था।

पूछताछ में आरोपी ने स्वयं स्वीकार किया कि उसे जिलाबदर आदेश की जानकारी थी, इसके बावजूद वह पलारी नगर में घूम रहा था। उक्त कृत्य धारा 14, 15 छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम 1990 के तहत दंडनीय पाए जाने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है।
“समाधान सेल” बना अपराध नियंत्रण का प्रभावी माध्यम
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की शिकायत, सूचना अथवा आपराधिक गतिविधि की जानकारी “समाधान सेल” हेल्पलाइन नंबर 94792 20392 पर कॉल या व्हाट्सएप के माध्यम से साझा करें। इस पहल से अपराधियों की धरपकड़ में लगातार सफलता मिल रही है और कानून-व्यवस्था सुदृढ़ हो रही है।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment