बलौदाबाजार। 22 फरवरी 2026 मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रविवार को बाबा गुरु घासीदास जी की जन्मभूमि एवं तपोभूमि गिरौदपुरी धाम में आयोजित तीन दिवसीय संत समागम एवं गुरु दर्शन मेले में शामिल हुए। उन्होंने पूज्य गुरुगद्दी का दर्शन-पूजन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा गुरु घासीदास जी का “मनखे-मनखे एक समान” का संदेश सामाजिक समरसता, सद्भाव और मानवता का आधार है। राज्य सरकार उनके बताए मार्ग पर चलते हुए समाज के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने गिरौदपुरी के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि विशाल जैतखाम निर्माण सहित आधारभूत सुविधाओं का निरंतर विस्तार किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन द्वारा मेले के सुव्यवस्थित आयोजन की सराहना की। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए वेबसाइट और मोबाइल ऐप की व्यवस्था की गई है। इस दौरान उन्होंने मेले परिसर में लगाए गए क्यूआर कोड को स्कैन कर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी भी ली।

श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण
मुख्यमंत्री साय ने मुख्य मंदिर का प्रसाद श्रद्धालुओं में वितरित किया। उनके हाथों प्रसाद ग्रहण कर स्थानीय श्रद्धालु एवं स्व सहायता समूह की महिलाएं उत्साहित नजर आईं। मेले में स्वच्छता कार्य में लगे स्वच्छाग्रहियों एवं स्वच्छता दीदियों ने गुलदस्ता भेंट कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए प्रोत्साहित किया।
व्यापक प्रशासनिक तैयारियां
गौरतलब है कि तीन दिवसीय संत समागम एवं गुरु दर्शन मेला 22 फरवरी से प्रारंभ होकर 24 फरवरी 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। प्रदेश सहित देश-विदेश से सतनाम पंथ के अनुयायी इस मेले में शामिल हो रहे हैं।
जिला प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, जिनमें शामिल हैं—
➡️ 220 समूहों द्वारा दाल-भात केंद्र संचालन
➡️ 1150 पुलिस बल एवं 60 सीसीटीवी कैमरे
➡️ 9 हेल्थ कैंप एवं 10 एंबुलेंस
➡️ 250 अस्थायी टेप नल कनेक्शन, 48 पानी टैंकर
➡️ 550 सफाई कर्मचारी
➡️ 100 अस्थायी, 80 स्थायी एवं 16 चलित शौचालय
➡️ 55 स्नानागार
➡️ 18 विद्युत ट्रांसफार्मर एवं 10 जनरेटर
➡️ 8 अग्निशमन वाहन एवं 2 क्रेन
इस अवसर पर धर्मगुरु गुरु बालदास साहेब, गुरु सोमेश बाबा, गुरु सौरभ साहेब, जांजगीर-चाम्पा सांसद कमलेश जांगड़े, राजिम विधायक रोहित साहु, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा, कलेक्टर दीपक सोनी, पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।