जांजगीर-चांपा: शराब के लिए पैसे न देने पर मारपीट करने वाले दो भाई गिरफ्तार, भेजे गए जेल
जांजगीर-चांपा। जिले के बलौदा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बुचीहरदी में शराब के लिए पैसे मांगने और मना करने पर जानलेवा हमला करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए दोनों आरोपी सगे भाई हैं, जिन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी निकेश कुमार सुमन (निवासी बुचीहरदी) ने थाना बलौदा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। 06 फरवरी 2026 की दोपहर, गांव के ही गोपी पाटले और जग्गू पाटले ने निकेश को रोका और शराब पीने के लिए पैसों की मांग की।
जब निकेश ने पैसे देने से मना किया, तो दोनों भाइयों ने पुरानी रंजिश का हवाला देते हुए उसके साथ अश्लील गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने निकेश को जान से मारने की धमकी देते हुए उसके साथ जमकर मारपीट की, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना बलौदा पुलिस ने तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की। पुलिस टीम ने दबिश देकर दोनों संदेही भाइयों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:
- गोपी पाटले (30 वर्ष), पिता हीरालाल पाटले, निवासी बुचीहरदी।
- जग्गू पाटले (24 वर्ष), पिता हीरालाल पाटले, निवासी बुचीहरदी।