कसडोल में सक्षम (समदृष्टि क्षमता अनुसंधान एवं मंडल) के तत्वावधान में आयोजित दिव्यांग सम्मेलन एवं सक्षम कार्यकर्ता मिलन समारोह गरिमामय एवं प्रेरणादायी वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ ऋषि अष्टावक्र एवं संत सूरदास जी की पूजा-अर्चना के साथ किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत में सक्षम के प्रांत संगठन मंत्री रामजी रजवाड़े ने संगठन का परिचय देते हुए इसके उद्देश्यों और दिव्यांग सशक्तिकरण की दिशा में किए जा रहे कार्यों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आद्या हॉस्पिटल के संचालक एवं सिविल सर्जन डॉ. सुरेन्द्र दिव्यकार उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि “नर सेवा ही नारायण सेवा है और दिव्यांगजनों की सेवा एक ईश्वरीय कार्य है” तथा इस सेवा भाव के लिए सक्षम संगठन की सराहना की।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. राजेश अवस्थी ने सक्षम की कार्यप्रणाली एवं उद्देश्यों पर विस्तार से चर्चा करते हुए प्रत्येक दिव्यांग को स्वावलंबी बनाने पर विशेष जोर दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. निशांत वाजपेई ने की। उन्होंने पंच परिवर्तन विषय पर विचार रखते हुए जाति, मत और पंथ से ऊपर उठकर समाजहित में एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।
सम्मेलन के दौरान आयोजित चर्चा सत्र में दिव्यांगजनों एवं समाजसेवियों ने अपने विचार साझा किए और उनकी शंकाओं का समाधान किया गया। अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में कोपल वाणी की संचालिका एवं प्रांत महिला प्रमुख पद्मा शर्मा तथा प्रांत युवा आयाम प्रमुख शरद चंद्र उपस्थित रहे। उन्होंने सक्षम के सात आयामों एवं विभिन्न प्रकोष्ठों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में सक्षम गीत की सुंदर प्रस्तुति बलौदाबाजार ब्लॉक संयोजक अर्चना बघेल द्वारा दी गई। कार्यक्रम का कुशल संचालन जिला सचिव नूतन सेन ने किया। उत्कृष्ट आयोजन के लिए कसडोल ब्लॉक अध्यक्ष मोतीलाल बंजारे की विशेष प्रशंसा की गई।
सम्मान समारोह
कार्यक्रम के अंत में समाज में उत्कृष्ट योगदान देने वाले समाजसेवियों एवं रक्तदाताओं को सम्मानित किया गया—
अखिलेश वर्मा एवं योगेश्वर साहू – पर्यावरण संरक्षण
राजसोनी एवं महेश पटेल – रक्तदान
रथ राम एवं लता पटेल – दिव्यांग सेवा
टिकेश्वर वर्मा – गौ सेवा
सती वर्मा – महिला सशक्तिकरण
कार्यकारिणी विस्तार
अक्ति कुर्रे – पलारी ब्लॉक संयोजक
सोनी कुर्रे – सह-संयोजक
अर्चना यादव – सिमगा ब्लॉक संयोजक
वर्षा शर्मा – जिला महिला आयाम सह-प्रमुख
सौरभ ध्रुव – जिला युवा आयाम प्रमुख
कार्यक्रम का औपचारिक समापन सक्षम उपाध्यक्ष नीलकंठ पटेल द्वारा किया गया। इस अवसर पर कसडोल नगर के जनप्रतिनिधि पूर्णेन्द्र मिश्रा, जिला महिला आयाम प्रमुख शशिप्रभा वर्मा, संरक्षक डॉ. रामकुमार साहू, दिनेश पटेल, मनी विश्वकर्मा, जागेश्वर निषाद सहित बड़ी संख्या में दिव्यांग भाई-बहन एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की सफलता पर सभी ने एक-दूसरे को बधाई देते हुए दिव्यांग सेवा को नारायण सेवा मानकर निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।