घटमड़वा के मुख्य मार्ग में शराबियों का जमावड़ा, कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा

TEKRAM KOSLE

February 6, 2026

रिपोर्टर टेकराम कोसले

बलौदा बाजार जिले के गिधौरी थाना क्षेत्र अंतर्गत घटमड़वा गांव के मुख्य मार्ग पर इन दिनों शराबियों का जमावड़ा आम दृश्य बन गया है। शराब सेवन के बाद सड़क पर पड़े लोगों का वीडियो और फोटो शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे क्षेत्र में चिंता और आक्रोश का माहौल है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि घटमड़वा के सांवरिया डेरा इलाके में अवैध कच्ची महुआ शराब की बिक्री धड़ल्ले से हो रही है। खुलेआम शराब की बिक्री के बावजूद पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने से शराबियों का मनोबल बढ़ा हुआ है और वे सार्वजनिक स्थानों पर नशे की हालत में पड़े रहते हैं।
सड़क सुरक्षा पर बड़ा खतरा
शराबियों के सड़क किनारे या मुख्य मार्ग पर सोने के कारण राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों और बड़े वाहनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसी भी समय तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से बड़ा हादसा हो सकता है, जिससे जानमाल की गंभीर क्षति की आशंका बनी हुई है।
ग्रामीणों की मांग – हो सख्त कार्रवाई
ग्रामीणों और सामाजिक संगठनों ने प्रशासन और पुलिस विभाग से मांग की है कि अवैध शराब बिक्री पर तत्काल रोक लगाई जाए और सड़क पर अव्यवस्था फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही, नियमित गश्त बढ़ाने और शराब माफियाओं के खिलाफ अभियान चलाने की आवश्यकता जताई गई है।
प्रशासन की भूमिका अहम
इस गंभीर स्थिति को देखते हुए स्थानीय प्रशासन की जिम्मेदारी बनती है कि वह तुरंत संज्ञान लेकर जनसुरक्षा सुनिश्चित करे, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके और गांव में शांति एवं व्यवस्था कायम रह सके।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment