ज्ञान गंगा विद्यालय, खपरिडीह में धूमधाम से सम्पन्न हुआ वार्षिकोत्सव एवं सम्मान समारोह 2026

TEKRAM KOSLE

February 5, 2026

खपरिडीह (छत्तीसगढ़)। आदर्श शिक्षण समिति द्वारा संचालित ज्ञान गंगा विद्यालय, खपरिडीह में आज वार्षिकोत्सव एवं सम्मान समारोह 2026 का भव्य आयोजन हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की प्रतिभा, अभिभावकों की सहभागिता और अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति ने समारोह को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन और वंदना से हुई। विद्यालय परिवार द्वारा अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, नृत्य, गीत, नाटक एवं देशभक्ति कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्री संमेलाल पटेल जी (जनपद पंचायत सदस्य कसडोल) ने विद्यार्थियों को जीवन में अनुशासन, परिश्रम और शिक्षा के महत्व पर प्रेरक उद्बोधन दिया। अध्यक्षता कर रही श्रीमती पुनीता ध्रुव जी (सरपंच ग्राम पंचायत खपरिडीह) ने विद्यालय के शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक प्रयासों की सराहना की और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री दुःशासन प्रधान  जी (सरपंच ग्राम पंचायत कुम्हारी), श्री जवाहिर  प्रधान जी (सरपंच ग्राम पंचायत अमलीडीह), श्रीमती प्रेमलता अमर कैवर्त जी (उपसरपंच ग्राम पंचायत खपरिडीह) एवं समस्त पंचगण (ग्राम पंचायत खपरिडीह) की उपस्थिति रही। सभी अतिथियों ने विद्यालय की प्रगति की सराहना करते हुए छात्रों को निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
वार्षिकोत्सव के दौरान मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। शिक्षा, खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों एवं अनुशासन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए, जिससे बच्चों में उत्साह और आत्मविश्वास देखने को मिला।
विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं शिक्षकगण ने अपने संबोधन में कहा कि ज्ञान गंगा विद्यालय न केवल शिक्षा बल्कि संस्कार, संस्कृति और सामाजिक मूल्यों के विकास के लिए भी निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने अभिभावकों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ। संपूर्ण आयोजन सफल, सुव्यवस्थित एवं प्रेरणादायक रहा, जिससे विद्यालय परिवार, विद्यार्थी एवं अभिभावक सभी गदगद नजर आए।

संपादक { समाचार }

Share this content:

Leave a Comment