कलेक्टर ने ली जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक, सामूहिक दवा सेवन की सूक्ष्म कार्ययोजना बनाकर कार्य करने के निर्देश

SARJU PRASAD SAHU

February 4, 2026

राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के लक्ष्य समय-सीमा में पूर्ण न होने पर कार्यवाही की चेतावनी

बलौदाबाजार। 4 फरवरी 2026 जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, प्रगति एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर एवं जिला स्वास्थ्य समिति अध्यक्ष दीपक सोनी ने बुधवार को जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक ली। बैठक में कैंसर स्क्रीनिंग, मलेरिया, कुष्ठ, टीबी, संस्थागत प्रसव, टीकाकरण सहित अन्य महत्वपूर्ण राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की आंकड़ों के माध्यम से विस्तृत समीक्षा की गई।

कलेक्टर ने ओरल कैंसर स्क्रीनिंग की प्रगति असंतोषजनक बताते हुए लक्ष्य बढ़ाने तथा समय-सीमा में उपलब्धि हेतु ठोस योजना बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने आयुष्मान कार्ड निर्माण की समीक्षा करते हुए खाद्य विभाग से समन्वय स्थापित कर हितग्राहियों के रिकॉर्ड का मिलान एवं सत्यापन करने को कहा।

बैठक में मुख्यमंत्री शासकीय अस्पताल रूपांतरण कोष के अंतर्गत कुल 22 कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई, जिनमें 19 निर्माण कार्य एवं 3 उपकरणों की खरीदी शामिल है। स्वीकृत प्रमुख कार्यों में लवन में डीजल जनरेटर की स्थापना, जिला अस्पताल में सोनोग्राफी मशीन एवं ब्लड कंपोनेंट प्रिपरेशन यूनिट शामिल हैं।

कसडोल विकासखंड के अर्जुनी ‘ब’ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पूर्व निर्देशों का पालन न करने पर संबंधित जिम्मेदार के विरुद्ध कार्यवाही के निर्देश भी कलेक्टर ने दिए।

कलेक्टर ने 10 फरवरी से प्रारंभ हो रहे फाइलेरिया नियंत्रण हेतु सामूहिक दवा सेवन अभियान को गंभीरता से लेते हुए सुपरवाइजर टीम गठन, ड्रग एडमिनिस्ट्रेटर की नियुक्ति तथा दोनों की तत्काल प्रशिक्षण पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी/कर्मचारी पर सख्त कार्यवाही की जाएगी।

अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु विकासखंडवार सूक्ष्म कार्ययोजना तैयार कर सभी बीएमओ को प्रस्तुत करने, दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता एवं सुरक्षित भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में सीईओ जिला पंचायत दिव्या अग्रवाल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश कुमार अवस्थी, सिविल सर्जन डॉ. अशोक वर्मा, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सृष्टि मिश्रा, समस्त खंड चिकित्सा अधिकारी एवं संबंधित स्वास्थ्य विभाग का स्टाफ उपस्थित रहा।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment