दाऊ कल्याण महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना का राज्य स्तरीय सात दिवसीय शिविर प्रारंभ

SARJU PRASAD SAHU

January 23, 2026

 

 

 

 

 

बलौदाबाजार ।  22 जनवरी 2026 छत्तीसगढ़ शासन उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार जिले के अग्रणी शिक्षण संस्थान शासकीय दाऊ कल्याण महाविद्यालय, बलौदाबाजार में 22 जनवरी से 28 जनवरी तक राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) का राज्य स्तरीय सात दिवसीय शिविर प्रारंभ हो गया है। शिविर का शुभारंभ माननीय टंकराम वर्मा, मंत्री उच्च शिक्षा, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन छत्तीसगढ़ शासन द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया।

उद्घाटन अवसर पर मंत्री टंकराम वर्मा ने प्रदेश के विभिन्न महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों से आए लगभग 300 से अधिक स्वयंसेवकों एवं कार्यक्रम अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से युवाओं को राष्ट्रहित में निरंतर योगदान देना चाहिए तथा सेवा भाव को अपने जीवन का उद्देश्य बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि एनएसएस न केवल सामाजिक दायित्व का बोध कराती है, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

मंत्री वर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि दाऊ कल्याण महाविद्यालय में राज्य स्तरीय एनएसएस शिविर का आयोजन बलौदाबाजार के छात्रों एवं नागरिकों के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने भावुक होकर कहा कि वे स्वयं भी इसी महाविद्यालय के छात्र रह चुके हैं, और आज यहां इस प्रकार के आयोजन का साक्षी बनना उनके लिए हर्ष का क्षण है।

सात दिवसीय शिविर के दौरान स्वयंसेवक प्रतिदिन योग एवं प्राणायाम, परियोजना कार्य, बौद्धिक परिचर्चा, विभिन्न प्रतियोगिताओं तथा सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता करेंगे। शिविर का उद्देश्य युवाओं में सामाजिक चेतना, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं सेवा भावना का विकास करना है।

उद्घाटन समारोह में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, पूर्व सांसद गुहाराम अजगले, पूर्व विधायक गौरी शंकर अग्रवाल, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष बलौदाबाजार अशोक जैन, विधायक प्रमोद शर्मा, पूर्व विधायक डॉ. सनम जांगड़े, भाजपा जिलाध्यक्ष आनंद यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती आकांक्षा जायसवाल, महाविद्यालय जनभागीदारी समिति अध्यक्ष मोहनलाल वर्मा, राज्य एनएसएस अधिकारी डॉ. नीता बाजपेयी, शासकीय दाऊ कल्याण महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. ए. आर. सी. जेम्स, रासेयो जिला संगठक नरेंद्र देव मिर्झा सहित महाविद्यालय के अधिकारी, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का सफल संचालन महाविद्यालय प्रशासन एवं राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के संयुक्त प्रयास से किया जा रहा है।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment