छत्तीसगढ़ शासन एवं भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के समन्वय से संचालित पुलिस सैलरी पैकेज योजना के अंतर्गत कोरबा जिला पुलिस में कार्यरत पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सामाजिक व आर्थिक सुरक्षा प्रदान की जा रही है। इस योजना के तहत पुलिस कर्मियों को सड़क दुर्घटना बीमा, आकस्मिक मृत्यु बीमा सहित अन्य महत्वपूर्ण सुविधाओं का लाभ दिया जा रहा है, जिससे उनके परिवारजनों को संकट की घड़ी में सहारा मिल सके।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पदस्थ आरक्षक श्री कृष्ण कुमार खड़िया (आकस्मिक निधन: 28.09.2025) एवं आरक्षक श्री सुरेन्द्र लहरे (आकस्मिक निधन: 07.09.2025) के निधन उपरांत उनके परिजनों को पुलिस सैलरी पैकेज योजना के अंतर्गत ₹10,00,000/- (दस लाख रुपये) की बीमा राशि प्रदान की गई।
बीमा राशि का वितरण सिद्धार्थ तिवारी, पुलिस अधीक्षक, कोरबा, की उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर भारतीय स्टेट बैंक के मुख्य प्रबंधक श्री मृत्युंजय वर्मा तथा श्री रामेश्वर कुमार, मुख्य प्रबंधक, आईटीआई शाखा कोरबा भी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी ने कहा कि पुलिस कर्मी समाज की सुरक्षा के लिए कठिन और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। पुलिस सैलरी पैकेज योजना उनके परिवारजनों को सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में एक अत्यंत महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि कोरबा जिला पुलिस, भारतीय स्टेट बैंक के सहयोग से, अपने पुलिस कर्मियों एवं उनके परिजनों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उल्लेखनीय है कि यह योजना पुलिस बल के मनोबल को सुदृढ़ करने के साथ-साथ उनके परिवारों को भविष्य की अनिश्चितताओं से सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।