पत्नी को आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने वाला पति गिरफ्तार, करहीबाजार चौकी पुलिस की कार्रवाई

TEJASWI NATH SONI

January 18, 2026

पुलिस चौकी करहीबाजार क्षेत्र में पत्नी को आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के गंभीर मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पत्नी से शराब पीने के लिए पैसे मांगने, गाली-गलौज करने और लगातार झगड़ा कर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मर्ग क्रमांक 137/2025 मृतिका धनेश्वरी ध्रुव (उम्र 28 वर्ष), निवासी ग्राम बिटकुली, की जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि उसकी शादी आरोपी दीपक ध्रुव से हुई थी और विवाह के बाद वह पति के साथ ग्राम बिटकुली में रह रही थी।

जांच में पाया गया कि आरोपी दीपक ध्रुव द्वारा लगातार शराब पीने के लिए पैसे की मांग की जाती थी और मना करने पर मृतिका के साथ गाली-गलौज एवं आए दिन विवाद किया जाता था। इस निरंतर मानसिक प्रताड़ना से क्षुब्ध होकर मृतिका ने दिनांक 04 दिसंबर 2025 को दोपहर लगभग 1:30 बजे घर के कमरे के भीतर अपनी साड़ी से फंदा बनाकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के कुशल निर्देशन में चौकी करहीबाजार पुलिस द्वारा मर्ग जांच के दौरान मृतिका के माता-पिता, परिजनों एवं ग्राम बिटकुली के पड़ोसियों से विस्तृत पूछताछ की गई। बयानों एवं परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी पति की प्रताड़ना के कारण ही मृतिका ने आत्मघाती कदम उठाया।

प्रकरण में पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 50/2026, धारा 108 बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। पुलिस ने आरोपी को दिनांक 16.01.2026 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है।

गिरफ्तार आरोपी का विवरण:

नाम: दीपक ध्रुव

उम्र: 31 वर्ष

निवासी: ग्राम बिटकुली

पुलिस चौकी: करहीबाजार

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि घरेलू हिंसा एवं मानसिक प्रताड़ना से जुड़े मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

District Bureau Chief BALODA BAZAR

Share this content:

Leave a Comment