भाटापारा ग्रामीण में अवैध शराब तस्करी करने वाले 7 सदस्यीय संगठित गिरोह का भंडाफोड़, सभी आरोपी गिरफ्तार

SARJU PRASAD SAHU

January 10, 2026

भाटापारा ग्रामीण | 10 जनवरी 2026 थाना भाटापारा ग्रामीण पुलिस ने अवैध रूप से शराब तस्करी एवं बिक्री करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 07 आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान अवैध शराब जब्त कर आरोपियों के विरुद्ध संगठित अपराध की धाराओं में विधिसम्मत कार्रवाई प्रारंभ की है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 09 जनवरी 2026 को मुखबिर की सूचना पर ग्राम तरेंगा में अवैध रूप से शराब बिक्री करते हुए अमर यदू को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से ₹4600 मूल्य की 40 पाव देसी मसाला शराब जब्त की गई। इस संबंध में थाना भाटापारा ग्रामीण में अपराध क्रमांक 25/2026 धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

विवेचना के दौरान यह तथ्य सामने आया कि आरोपी अमर यदू को शराब की आपूर्ति किसके द्वारा की जा रही है तथा इसके पीछे कौन सा संगठित नेटवर्क कार्य कर रहा है। इस गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार, एसडीओपी तारेश साहू एवं थाना प्रभारी निरीक्षक हेमंत पटेल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई की गई।

पूछताछ में अमर यदू ने खुलासा किया कि उसे पटपर भाटापारा में चाय की दुकान चलाने वाले नितेश रात्रे द्वारा शराब उपलब्ध कराई जाती थी। इसके आधार पर पुलिस ने नितेश रात्रे को हिरासत में लिया। आगे की कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए पुलिस ने गिरोह के अन्य 05 सदस्यों को भी चिन्हित कर गिरफ्तार किया।

पुलिस पूछताछ में सभी आरोपियों ने अवैध लाभ कमाने के उद्देश्य से संगठित गिरोह बनाकर भाटापारा ग्रामीण क्षेत्र में शराब की तस्करी एवं बिक्री करना स्वीकार किया है। इस प्रकार पुलिस ने 07 सदस्यीय संगठित गिरोह का सफलतापूर्वक पर्दाफाश किया।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं—

अमर यदू (29 वर्ष), निवासी गोगिया पारा, ग्राम तरेंगा

नितेश रात्रे (22 वर्ष), निवासी ग्राम गुर्रा

दुर्गेश गुजरतिया (21 वर्ष), निवासी शक्ति वार्ड, भाटापारा

हरिचंद देवांगन (38 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 4, ग्राम तरेंगा

रवि कुमार निषाद (35 वर्ष), निवासी ग्राम तरेंगा

अजय मारकंडेय (30 वर्ष), निवासी भगत सिंह वार्ड, भाटापारा

गोपी गेण्डरे (29 वर्ष), निवासी महासती वार्ड, भाटापारा

पुलिस द्वारा सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है। भाटापारा ग्रामीण पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध शराब कारोबार के विरुद्ध एक महत्वपूर्ण सफलता के रूप में देखा जा रहा है।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment