जिले में अब तक 92,505 किसानों से 4,45,876 मीट्रिक टन धान की खरीदी
बलौदाबाजार, 05 जनवरी 2026/
जिले में धान खरीदी व्यवस्था को सुचारु, पारदर्शी और प्रभावी बनाए रखने के उद्देश्य से कलेक्टर दीपक सोनी ने शुक्रवार को खाद्य, सहकारिता, कृषि एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में धान खरीदी की वर्तमान स्थिति, उठाव की गति और व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि उपार्जन केंद्रों से धान का उठाव तेजी से सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की जाम या अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने ट्रांसपोर्टरों को प्रतिदिन कम से कम 200 ट्रक धान उठाव के लिए लगाने के निर्देश दिए। साथ ही जो मिलर धान उठाव में रुचि नहीं ले रहे हैं, उनके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने कहा कि धान खरीदी में बिचौलियों की किसी भी तरह की भूमिका बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सहकारिता एवं खाद्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि उपार्जन केंद्रों पर सतत निगरानी रखी जाए और किसी भी अनियमितता पर तत्काल कार्रवाई की जाए।
बैठक में जानकारी दी गई कि जिले के 166 उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी सुचारु रूप से जारी है। अब तक 92,505 किसानों से 4,45,876 मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है, जबकि 1,63,617 मीट्रिक टन धान का उठाव भी पूर्ण कर लिया गया है।
कलेक्टर दीपक सोनी ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता है कि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और खरीदी प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता एवं समयबद्ध तरीके से संपन्न हो। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।