बलौदाबाजार-भाटापारा, 02 जनवरी 2026/
नववर्ष के अवसर पर जिला बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस विभाग को एक सुखद और गौरवपूर्ण क्षण प्राप्त हुआ, जब उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती निधि नाग को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के पद पर पदोन्नति प्रदान की गई। इस अवसर पर पुलिस कार्यालय बलौदाबाजार में गरिमामय पदोन्नति कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता ने श्रीमती निधि नाग के कंधे पर अशोक चिन्ह लगाकर उन्हें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के पद पर पदोन्नत किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि श्रीमती निधि नाग ने अपने कर्तव्यनिष्ठ, अनुशासित एवं प्रभावी कार्यशैली से विभाग में एक सशक्त पहचान बनाई है और नई जिम्मेदारी में भी वे उत्कृष्ट कार्य करेंगी।
गौरतलब है कि श्रीमती निधि नाग वर्तमान में एसडीओपी बलौदाबाजार के पद पर पदस्थ थीं, जहां उन्होंने कानून व्यवस्था, जनसुरक्षा एवं प्रशासनिक दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया। उनकी पदोन्नति से पुलिस विभाग में हर्ष का माहौल है।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेम सागर सिदार, उप पुलिस अधीक्षक सुश्री अपूर्वा क्षत्रिय, श्री तुलसी लेकाम, श्री राजेश श्रीवास्तव सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने श्रीमती निधि नाग को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।