कलेक्टर ने किया ब्रेल लिपि कैलेण्डर का विमोचन, दृष्टिबाधित दिव्यांगजनों के लिए उपयोगी पहल

TEJASWI NATH SONI

January 2, 2026

.बिलासपुर, 2 जनवरी 2026/ कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने आज जिला कार्यालय में ब्रेल लिपि में तैयार वर्ष 2026 के कैलेण्डर का विमोचन किया। यह कैलेण्डर ब्रेल प्रेस, समाज कल्याण विभाग द्वारा विशेष रूप से दृष्टिबाधित दिव्यांगजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है।

इस ब्रेल कैलेण्डर में सामान्य शासकीय अवकाशों के साथ-साथ ऐच्छिक अवकाशों को भी शामिल किया गया है। साथ ही, लो-विजन श्रेणी के दृष्टिबाधित व्यक्तियों की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए इसका डिज़ाइन सरल, स्पष्ट एवं उपयोगी बनाया गया है। कैलेण्डर का निर्माण ब्रेल प्रेस के विशेषज्ञों द्वारा तकनीकी दक्षता के साथ किया गया है।

विमोचन अवसर पर कलेक्टर श्री अग्रवाल ने समाज कल्याण विभाग एवं ब्रेल प्रेस के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि दृष्टिबाधित दिव्यांगजनों के लिए इस प्रकार की पहल समावेशी समाज की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने सभी को नववर्ष की शुभकामनाएँ भी दीं और कहा कि प्रशासन भविष्य में भी दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण हेतु प्रतिबद्ध रहेगा।

इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री शिवकुमार बनर्जी, संयुक्त संचालक समाज कल्याण श्री टी.पी. भावे, उपनियंत्रक श्रीमती बबीता कमलेश, सहायक सांख्यिकी अधिकारी श्री प्रशांत मोकासे सहित ब्रेल प्रेस एवं समाज कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment