वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जिला दुर्ग श्री विजय अग्रवाल (भा.पु.से.) द्वारा पुलिस कंट्रोल रूम सेक्टर–06 भिलाई में आयोजित गरिमामय कार्यक्रम में उल्लेखनीय कार्य करने वाले 02 पुलिस अधिकारियों एवं 06 कर्मचारियों को नगद ईनाम एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
यह सम्मान उन प्रकरणों में उत्कृष्ट विवेचना, साक्ष्य संकलन एवं प्रभावी पैरवी के लिए दिया गया, जिनमें माननीय न्यायालय द्वारा आरोपियों को कठोर सजा सुनाई गई है। एसएसपी श्री अग्रवाल ने सम्मानित अधिकारियों–कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्य न केवल पुलिस बल का मनोबल बढ़ाते हैं, बल्कि समाज में कानून के प्रति विश्वास को भी मजबूत करते हैं।
हत्या के प्रयास के प्रकरण में सख्त सजा
थाना नेवई के अपराध क्रमांक 162/2024, धारा 307, 120-बी, 34 भादवि के प्रकरण में माननीय न्यायालय द्वारा आरोपियों को 10-10 वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई गई। इस प्रकरण में प्रभावी विवेचना के लिए
विवेचक उप निरीक्षक सुरेन्द्र तारम,
प्रधान आरक्षक सूरज पाण्डेय, भागवत वर्मा,
आरक्षक रवि बिसाई, ओमप्रकाश श्रीवास एवं विनय कुमार
को पुरस्कृत किया गया।
नारकोटिक्स एक्ट के प्रकरण में सफलता
इसी प्रकार थाना भिलाई नगर के अपराध क्रमांक 484/2025, धारा 20(ख) नारकोटिक्स एक्ट के मामले में माननीय न्यायालय द्वारा आरोपियों को सश्रम कारावास एवं अर्थदंड से दंडित किया गया। इस महत्वपूर्ण सफलता पर
विवेचक उप निरीक्षक मन्नूलाल यादव,
प्रधान आरक्षक भागवत वर्मा, रोशन भुवाल,
आरक्षक ओमप्रकाश श्रीवास, विनय कुमार एवं राजेश चन्द्रौल
को नगद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
पुलिस अधीक्षक का संदेश
एसएसपी श्री विजय अग्रवाल ने कहा कि दुर्ग पुलिस द्वारा संगठित अपराध, नशे के अवैध कारोबार एवं गंभीर अपराधों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
यह सम्मान समारोह दुर्ग पुलिस की कार्यकुशलता और न्याय दिलाने की प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण बना।