गुप्ता स्वीट्स संचालक पर हमले का आरोपी गिरफ्तार, पुलिस की त्वरित कार्रवाई

TEJASWI NATH SONI

December 28, 2025

भाटापारा, 28 दिसंबर 2025/ भाटापारा शहर में गुप्ता स्वीट्स के संचालक पर हुए हमले और लूट की घटना में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के कुशल निर्देशन में थाना भाटापारा शहर पुलिस ने सरगर्मी से तलाश करते हुए आरोपी अरुण वर्मा को हिरासत में लेने में सफलता प्राप्त की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी सुनील गुप्ता (55 वर्ष), निवासी सदर वार्ड भाटापारा, ने थाना भाटापारा शहर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दिनांक 23 अक्टूबर 2025 की रात्रि लगभग 9:40 बजे, जब वे हटरी बाजार स्थित अपनी दुकान गुप्ता स्वीट्स बंद कर रहे थे, उसी दौरान आरोपी विवेक गुप्ता उर्फ गोपाल एवं अरुण वर्मा पैदल आए और अश्लील गाली-गलौज करते हुए उनके चेहरे पर हमला किया। हमले में प्रार्थी का चश्मा टूट गया तथा नाक के पास गंभीर चोट आई। इसके बाद आरोपियों ने उनकी शर्ट की जेब फाड़कर उसमें रखे ₹5000 लूट लिए और मौके से फरार हो गए।

घटना की रिपोर्ट पर थाना भाटापारा शहर में अपराध क्रमांक 586/2025 अंतर्गत धारा 309(6), 296 बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। विवेचना के दौरान पुलिस द्वारा एक आरोपी विवेक गुप्ता उर्फ गोपाल को पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका था। पूछताछ में सामने आया कि शादी का प्रस्ताव रद्द होने से नाराज होकर दोनों आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया।

फरार आरोपी अरुण वर्मा की लगातार तलाश की जा रही थी। तकनीकी विश्लेषण एवं संभावित ठिकानों की जानकारी के आधार पर पुलिस ने उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर हमला एवं लूट की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी को आज दिनांक 28 दिसंबर 2025 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है।

आरोपी का विवरण

अरुण वर्मा, उम्र 19 वर्ष, निवासी कल्याणपुरा शिरडी, हाल निवासी इच्छावर थाना इच्छावर, जिला सीहोर (मध्यप्रदेश)।

पुलिस द्वारा इस त्वरित कार्रवाई से व्यापारियों एवं नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास मजबूत हुआ है।

District Bureau Chief BALODA BAZAR

Share this content:

Leave a Comment