अवैध धान तस्करी पर लैलूंगा पुलिस की बड़ी कार्रवाई ओडिशा से धान लाकर छत्तीसगढ़ में खपाने की साजिश नाकाम, दो आरोपी गिरफ्तार

TEJASWI NATH SONI

December 22, 2025

रायगढ़, 22 दिसंबर 2025/ छत्तीसगढ़ में अवैध धान तस्करी पर सख्ती दिखाते हुए लैलूंगा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ओडिशा राज्य से अवैध रूप से धान लाकर छत्तीसगढ़ के किसानों के नाम पर उपार्जन केंद्रों में बेचने की कोशिश कर रहे दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने 1.86 लाख रुपये मूल्य का 60 क्विंटल अवैध धान एवं दो बुलेरो पिकअप वाहन जब्त किए हैं।

यह कार्रवाई खाद्य निरीक्षक लैलूंगा श्री खुशीराम नायक की लिखित शिकायत पर की गई। उन्होंने बताया कि 16–17 दिसंबर 2025 की रात्रि को DICCC रायगढ़ की संयुक्त टीम द्वारा पाकरगांव–लैलूंगा मार्ग पर औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान दो पिकअप वाहन क्रमांक OD15N 9399 एवं OD16N 3755 को रोका गया। जांच में दोनों वाहन चालक बिना ड्राइविंग लाइसेंस पाए गए तथा धान परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे ओडिशा से धान लाकर उसे छत्तीसगढ़ के अन्य किसानों के नाम पर उपार्जन केंद्रों में बेचने की योजना बना रहे थे। यह कृत्य शासन को आर्थिक क्षति पहुंचाने के साथ-साथ संचालनालय खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण द्वारा जारी धान आयात संबंधी निर्देशों का स्पष्ट उल्लंघन है।

जांच में यह भी सामने आया कि वाहन क्रमांक OD16N 3755 को पूर्व में 10 दिसंबर 2025 को अवैध धान परिवहन के मामले में जब्त किया गया था, जिसे बाद में मुक्त किया गया था। इसके बावजूद उसी वाहन से पुनः अवैध धान परिवहन किया जाना गंभीर लापरवाही और अपराध की पुनरावृत्ति माना गया।

खाद्य निरीक्षक की रिपोर्ट पर थाना लैलूंगा में अपराध क्रमांक 321/2025 धारा 318(4), 62 एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया। थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को हिरासत में लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार है—

  1. सुनील कुमार यादव, पिता हेमसागर यादव, उम्र 20 वर्ष, निवासी जमुना, थाना लैलूंगा, जिला रायगढ़

  2. निरंजन यादव, पिता बालेश्वर यादव, उम्र 20 वर्ष, निवासी डोगादरहा, थाना तुमला, जिला जशपुर

दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध धान परिवहन, भंडारण एवं तस्करी के विरुद्ध इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment