गुरु घासीदास जयंती पर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के स्टेशनों पर गूंजेंगे पंथी गीत

TEJASWI NATH SONI

December 14, 2025

संत शिरोमणि बाबा गुरु घासीदास जयंती के पावन अवसर पर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल के अंतर्गत आने वाले सभी रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को छत्तीसगढ़ की लोक-संस्कृति से रूबरू कराने की एक सराहनीय पहल की जा रही है। इस अवसर पर रेलवे स्टेशनों के पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम (पीए सिस्टम) के माध्यम से पंथी गीतों का प्रसारण किया जाएगा।

 

इस पहल का उद्देश्य बाबा गुरु घासीदास के मूल संदेश “मानव-मानव एक समान”, सामाजिक समरसता, सादगी और नशामुक्त समाज के विचारों को आमजन तक पहुंचाना है। पंथी गीतों के माध्यम से सत्य, अहिंसा और समानता का संदेश सरल और प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा।

 

यह पहल डॉ. आंबेडकर विचार युवा संगठन, अकलतरा के अध्यक्ष श्री निक्कू कुमार पाटले के नेतृत्व में समाज के युवाओं द्वारा की गई मांग के परिणामस्वरूप संभव हो सकी। इस मांग को लेकर भीम आर्मी के पूर्व जिला अध्यक्ष दीपक मनहर, पूर्व वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुरेंद्र लहरे, समाजसेवी ब्रिजेश राय, अनिल मिरी, धीरेन्द्र जांगड़े, कुंवर ओगरे, छोटू सोनवानी सहित सतनामी समाज जिला बिलासपुर के युवा साथियों—आदित्य जोशी, राहुल कुर्रे, आदर्श नागवंशी, अंकित पात्रे, अमन दिवाकर, भूटान घृतलहरे, रिहान रात्रे, नारायण पात्रे, पृथ्वी कुमार एवं अन्य ने संयुक्त रूप से दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे मंडल प्रशासन (जीएम/डीआरएम) को ज्ञापन सौंपा था।

 

रेलवे प्रशासन ने इस अनुरोध को स्वीकार करते हुए गुरु घासीदास जयंती के अवसर पर सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर पंथी गीतों के प्रसारण की सहमति प्रदान की है। इससे न केवल यात्रियों को छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से परिचय मिलेगा, बल्कि समाज में भाईचारे, सद्भाव और नैतिक मूल्यों को भी बल मिलेगा।

 

उल्लेखनीय है कि पंथी गीत सतनामी पंथ की भक्ति, दर्शन और सामाजिक चेतना का प्रतीक हैं। सार्वजनिक स्थलों पर इनका प्रसारण जनजागरूकता के साथ-साथ सांस्कृतिक गौरव को भी सुदृढ़ करेगा।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment