छत्तीसगढ़ पुलिस आरक्षक भर्ती में चयनित अभ्यर्थियों का सम्मान, ‘मिशन उड़ान’ के तहत मिलेगी और बेहतर तैयारी की सुविधा

SARJU PRASAD SAHU

December 12, 2025

बलौदाबाजार-भाटापारा । पुलिस दिनांक 12 दिसम्बर 2025 छत्तीसगढ़ पुलिस आरक्षक संवर्ग परीक्षा में चयनित जिले के अभ्यर्थियों का सम्मान कार्यक्रम आज पुलिस कम्युनिटी हॉल बलौदाबाजार में आयोजित किया गया। दोपहर 3 बजे शुरू हुए इस कार्यक्रम में पुलिस विभाग ने चयनित युवाओं का उत्साहवर्धन किया और उनके बेहतर भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें प्रशस्ति पत्र और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि पुलिस विभाग एक जिम्मेदार और अनुशासित सेवा है, जहां जनता की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सबसे महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने अभ्यर्थियों को नई ऊर्जा और उत्साह के साथ कार्य करने की प्रेरणा देते हुए कहा कि वे सदैव जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास करें।

जिला पुलिस द्वारा संचालित फिजिकल अकादमी, जिसे आरक्षक पुरुषोत्तम बंजारे द्वारा जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम बलौदाबाजार में संचालित किया जाता है, उसमें प्रशिक्षण प्राप्त 15 अभ्यर्थियों का भी इस वर्ष आरक्षक भर्ती में चयन हुआ है। इसके अलावा इसी अकादमी से प्रशिक्षण के बाद 4 अभ्यर्थी सब इंस्पेक्टर भर्ती में तथा कई अभ्यर्थी नगर सेना भर्ती में सफल हुए हैं। चयनित उम्मीदवारों ने प्रशिक्षण एवं सहयोग के लिए जिला पुलिस और आरक्षक पुरुषोत्तम बंजारे का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के दौरान चयनित अभ्यर्थियों ने अपनी तैयारी, प्रतिदिन की प्रैक्टिस और चुनौतियों के अनुभव भी साझा किए।

आगामी समय में पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले में ‘मिशन उड़ान’ के तहत विभिन्न भर्ती परीक्षाओं—पुलिस भर्ती, नगर सेना, भारतीय सेना आदि के लिए अभ्यर्थियों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। जिला पुलिस द्वारा प्रशिक्षण के लिए बेहतर इक्विपमेंट, अनुभवी ट्रेनर और आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की जाएगी।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह, एसडीओपी निधि नाग, उप पुलिस अधीक्षक अपूर्वा क्षत्रिय, उप पुलिस अधीक्षक राजेश श्रीवास्तव, भूतपूर्व सैनिक सुनील वर्मा सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

#ChhattisgarhPolice #PoliceRecruitment2025 #BalodabazarNews #CGPoliceConstable #MissionUdaan #PoliceBharti2025 #ConstableSelection #YouthSuccess #FreeTrainingAcademy #BalodabazarBhataaparaPolice #JobAlertCG #GovernmentJobsCG #CGLatestNews #PoliceTrainingAcademy #CareerGuidanceCG

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment