बलौदाबाजार, 4 दिसम्बर 2025/ छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की रजत जयंती पर्व के अवसर पर बलौदाबाजार वनमण्डल द्वारा वन एवं पर्यावरण संरक्षण को जनअभियान का रूप देने विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में वन परिक्षेत्र सोनाखान अंतर्गत ग्राम असनीद के बजरंग चौक में “वन हर्बल उत्सव” का आयोजन किया गया, जिसमें औषधीय पौधों की पहचान, उनके उपयोग, तेंदूपत्ता एवं लघु वनोपज के संग्रहण एवं समर्थन मूल्य पर खरीदी की विस्तृत जानकारी ग्रामीणों को प्रदान की गई।
कार्यक्रम में वन परिक्षेत्र अधिकारी सोनाखान दीपक कौशिक एवं उनकी टीम ने ग्रामीणों को वन संसाधनों के संरक्षण और सतत उपयोग के प्रति प्रेरित किया। साथ ही वन विभाग की जनहितैषी योजनाओं के बारे में भी अवगत कराया।
कृष्ण कुंज में वृक्षारोपण कार्यक्रम
रजत जयंती पर्व के अवसर पर बलौदाबाजार स्थित कृष्ण कुंज में जनप्रतिनिधियों, छात्राओं एवं शिक्षकों की सहभागिता से वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। उपवनमण्डलाधिकारी निश्चल चंद्र शुक्ला ने पर्यावरण संरक्षण, किसान वृक्ष मित्र योजना एवं जलवायु संतुलन के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
रंगोली प्रतियोगिता में पर्यावरण जागरूकता
स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यमिक स्कूल, बलौदाबाजार में आयोजित रंगोली प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने “वन एवं पर्यावरण संतुलन”, “जैव विविधता”, “ग्लोबल वार्मिंग” और “वन संरक्षण में सूचना प्रौद्योगिकी की भूमिका’’ जैसे विषयों पर आकर्षक रंगोलियाँ बनाईं। प्रतियोगिता में प्रशिक्षु वनक्षेत्रपाल अनिरुद्ध कश्यप एवं वनरक्षक मनमोहन टंडन उपस्थित रहे।
“एक पेड़ छत्तीसगढ़ महतारी के नाम” अभियान
शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला डाढ़ाखार में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम वन परिक्षेत्र अधिकारी गीतेश कुमार बंजारे के निर्देशन में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर सरपंच विमला बाई चौहान, वन प्रबंधन समिति अध्यक्ष कुमार सिंह गोंड, शिक्षकगण एवं ग्रामीण उपस्थित थे। वृक्षारोपण के माध्यम से छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत एवं प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया गया।
पक्षी महोत्सव — बरबसपुर में पक्षी संरक्षण पर जानकारी
वन परिक्षेत्र बल्दाकछार अंतर्गत ग्राम बरबसपुर में “पक्षी महोत्सव” के तहत स्थानीय बाँध में पाई जाने वाली पक्षी प्रजातियों की जानकारी ग्रामीणों को दी गई। कार्यक्रम में ग्रामवासियों ने सक्रिय रूप से हिस्सा लिया। वन प्रबंधन समिति बरबसपुर के अध्यक्ष प्यारे लाल पटेल सहित अन्य ग्रामीणों को पक्षियों के संरक्षण की आवश्यकता पर जागरूक किया गया।