रजत जयंती के अवसर पर बलौदाबाजार वनमण्डल द्वारा विविध कार्यक्रमों का आयोजन

TEJASWI NATH SONI

December 2, 2025

बलौदाबाजार, 2 दिसम्बर 2025/ शासन के निर्देशानुसार 1 से 07 दिसंबर 2025 तक बलौदाबाजार वनमण्डल द्वारा रजत जयंती महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को वन संरक्षण, पर्यावरण जागरूकता एवं जैव विविधता संवर्धन के उद्देश्य से विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

 

देवपुर परिक्षेत्र के तहत शासकीय जयलाल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, चांदन में वन संरक्षण जागरूकता रैली, औषधीय पौधों की पहचान तथा सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों को वन एवं वन्यजीव संरक्षण के महत्व पर विस्तृत जानकारी दी गई और प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया।

 

बल्दाकछार परिक्षेत्र अंतर्गत तुरतुरिया में भी वन संरक्षण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ, जहाँ स्थानीय वैद्यराज द्वारा औषधीय पौधों की पहचान, उपयोग एवं संरक्षण संबंधी जानकारी दी गई। ग्रामीणों को पारंपरिक औषधीय पौधों के महत्व और उनके संरक्षण की आवश्यकता पर जागरूक किया गया।

 

इसी प्रकार, बलौदाबाजार परिक्षेत्र अंतर्गत शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय लटुवा के 37 विद्यार्थियों एवं 5 शिक्षकों को सोनबरसा वन विहार केंद्र का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। विद्यार्थियों को जैव विविधता, स्थानीय प्रजातियों, पर्यावरण संतुलन, केएमवाय योजना एवं वन संरक्षण में युवाओं की भूमिका पर विस्तार से अवगत कराया गया।

 

वनमण्डलाधिकारी धम्मशील गणवीर ने बताया कि —

“छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने पर रजत जयंती पर्व मनाया जा रहा है। यह अवसर जन-सहभागिता बढ़ाने, पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने और युवाओं व ग्रामीण समुदाय को प्रकृति से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है।”

 

कार्यक्रमों के संचालन में वन परिक्षेत्र अधिकारी बसंत खांडेकर, संतोष कुमार पैंकरा, गीतेश कुमार बंजारे, बीट प्रभारी मनोज बघेल, प्रशिक्षु वनक्षेत्रपाल अनिरुद्ध कश्यप, वनरक्षक रजनीश वर्मा, गज कुमार ठाकुर, मनमोहन साहू, संदीप साहू, अश्वनी रात्रे, बबलू निराला सहित सुरक्षा श्रमिक, विद्यालयीन स्टाफ, ग्रामीणजन एवं स्थानीय वैद्यराज की महत्वपूर्ण उपस्थिति रही।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment