बलौदाबाजार, 2 दिसम्बर 2025/ खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में धान खरीदी को पारदर्शी एवं सुचारू बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन द्वारा अवैध धान भंडारण एवं परिवहन पर लगातार कड़ी निगरानी रखी जा रही है। प्रशासनिक टीमों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में संदिग्ध स्थलों पर दबिश कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में मंगलवार को की गई निरीक्षण कार्रवाई में तीन प्रकरणों में कुल 315 बोरी अवैध धान एवं 26 बोरी चावल जब्त किए गए हैं।
जिला खाद्य अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार, तहसील लवन के ग्राम मरदा में की गई संयुक्त जांच में थनवार साहू की दुकान से 150 बोरी धान एवं 26 बोरी चावल जब्त किए गए। इसी गाँव में आनंद दुकान से 55 बोरी धान, जबकि ग्राम अमलीडीह में अहिबरन यादव की दुकान से 110 बोरी अवैध धान बरामद किया गया।
जब्त धान एवं चावल की पूरी मात्रा को पंचायत की निगरानी में सुरक्षित रखा गया है तथा आगे की विधिक कार्रवाई प्रचलित नियमों के तहत की जा रही है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध धान का भंडारण, परिवहन या खरीद-फरोख्त करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही किसानों से अपील की गई है कि वे समर्थन मूल्य पर धान विक्रय हेतु केवल अपने पंजीकृत रकबे का ही समर्पण करें तथा किसी भी प्रकार की अनियमित गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को दें।