पुटपुरा स्कूल में बाल दिवस उत्साहपूर्वक संपन्न, विद्यार्थियों ने प्रतिभा का दिखाया उत्कृष्ट प्रदर्शन

TEJASWI NATH SONI

November 14, 2025

कसडोल, 14 नवम्बर 2025/

कसडोल मुख्यालय से लगभग 20 किलोमीटर दूर स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पुटपुरा में भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती बाल दिवस के रूप में हर्षोल्लास और गरिमा के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ नेहरू जी के छायाचित्र पर प्राचार्य श्री प्रवीण कुमार साहू, ग्राम पंचायत पुटपुरा के सरपंच श्री ललित सिंह पैकरा एवं उपसरपंच श्री हेमलाल साहू द्वारा संयुक्त रूप से माल्यार्पण कर किया गया।

 

प्राचार्य श्री साहू ने अपने प्रेरक संबोधन में बाल दिवस मनाने के ऐतिहासिक महत्व और बालकों के सर्वांगीण विकास के लिए नेहरू जी के योगदान को स्मरण कराया। सरपंच एवं उपसरपंच ने बच्चों को शुभकामनाएँ देते हुए उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद प्रदान किया। ग्राम पंचायत द्वारा अधीनस्थ सभी विद्यालयों के विद्यार्थियों को मिठाई एवं पेन वितरित किए गए, साथ ही प्रत्येक विद्यालय को पंडित नेहरू का छायाचित्र भी भेंट किया गया।

 

बाल दिवस के अवसर पर विद्यालय में विविध प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।

परिणाम इस प्रकार रहे—

 

भाषण प्रतियोगिता: कुमारी निकिता साहू (कक्षा 9वीं) ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

 

क्विज़ प्रतियोगिता: योगेश पांडेय (कक्षा 12वीं) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

 

गुब्बारा दौड़: मिनेंद्र खैरवार ने बाज़ी मारी।

 

खेलकूद प्रतियोगिता: विद्यालय के खिलाड़ियों ने प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

 

 

इस अवसर पर 25वीं राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में चयनित कक्षा 11वीं के खिलाड़ी ओमप्रकाश साहू को विद्यालय प्रबंधन द्वारा सम्मानित किया गया, जिससे विद्यार्थियों में उत्साह और बढ़ा।

 

मंच संचालन का दायित्व श्री दुर्गा प्रसाद देवांगन ने संभाला। कार्यक्रम में व्याख्याता श्री अरुण कुमार साहू, प्रबंधन समिति के अध्यक्ष श्री अघोरी राम साहू, श्री प्रभुनाथ साहू, श्री लीला राम निषाद, श्री सुकलहा राम निषाद सहित ग्राम पंचायत के समस्त पंचगण तथा शिक्षकगण उपस्थित थे।

 

कार्यक्रम के समापन पर व्याख्याता श्री ईश्वर प्रसाद वर्मा ने सभी अतिथियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment