बलौदाबाजार, 14 नवम्बर 2025/ जिला बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस द्वारा यातायात, एमटी (मोटर ट्रांसपोर्ट) एवं रक्षित केंद्र में उपलब्ध साजो-सामान व उपकरणों की कार्यप्रणाली एवं उपयोगिता की जांच के लिए आज रक्षित केंद्र बलौदाबाजार में विशेष प्रदर्शनी कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता ने दोपहर 12 बजे से सभी उपकरणों का विस्तारपूर्वक निरीक्षण किया। उन्होंने प्रत्येक सामग्री की स्थिति, रख-रखाव, उपयोग एवं आवश्यकता को ध्यानपूर्वक परखा।
निरीक्षण के दौरान एसपी महोदया ने उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) श्री अमृत कुजूर एवं रक्षित निरीक्षक श्रीमती उषा ठाकुर को निर्देश देते हुए कहा कि सभी उपकरणों की समुचित देखरेख, नियमित परीक्षण व उचित रख-रखाव सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उपकरणों की कार्यक्षमता सीधे पुलिस कार्य की दक्षता को प्रभावित करती है, इसलिए इनका सुरक्षित व व्यवस्थित उपयोग अनिवार्य है।
इस निरीक्षण कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक सिंह, उप पुलिस अधीक्षक (कैंप कसडोल) श्री कौशल कुमार वासनिक, निरीक्षक रितेश मिश्रा (थाना प्रभारी सिमगा), निरीक्षक नरेश दीवान (प्रभारी यातायात सिमगा) एवं निरीक्षक परिवेश तिवारी (थाना प्रभारी राजादेवरी) सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
पुलिस विभाग द्वारा समय-समय पर ऐसे निरीक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाने से कार्य क्षमता, यातायात प्रबंधन और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों में और मजबूती आती है।
