प्रमोद साहू ने कहा—भाजपा सरकार ने लाखों युवाओं के साथ किया धोखा
बया -: शिक्षा विभाग में शिक्षकों के मात्र 4,708 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के निर्णय पर सवाल उठाते हुए बया मंडल कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रमोद कुमार साहू ने कहा कि “मोदी की गारंटी में 57,000 शिक्षकों की भर्ती का वादा किया गया था, फिर 22 महीने बाद मात्र 4,708 पदों पर ही भर्ती क्यों?” यह शिक्षक भर्ती की तैयारी में जुटे लाखों युवाओं के साथ सीधा धोखा है।
प्रमोद साहू ने कहा कि सरकार बनने के बाद तत्कालीन शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने विधानसभा में 33,000 पदों पर भर्ती की घोषणा की थी, वहीं बजट में 20,000 पदों का प्रावधान किया गया। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने 5,000 शिक्षकों की भर्ती की बात कही थी, लेकिन अब शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव केवल 4,708 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर रहे हैं।
साहू ने यह भी कहा कि “पूर्व स्वीकृत 146 पद व्याख्याता कंप्यूटर एवं 146 पद योग प्रशिक्षक को भर्ती प्रक्रिया से हटा दिया गया — आखिर क्यों?”
बया मंडल अध्यक्ष प्रमोद साहू ने कहा कि भाजपा सरकार की हठधर्मिता के कारण शिक्षक बनने का सपना देख रहे युवाओं के मन में गहरी निराशा है। उन्होंने कहा, “वादाखिलाफी के चलते हजारों विषय विशेषज्ञ युवा उम्र सीमा पार कर जाएंगे और परीक्षा से वंचित रह जाएंगे। भाजपा सरकार की मंशा रोजगार देने की नहीं, बल्कि युवाओं को भ्रमित करने की है।
मंडल अध्यक्ष प्रमोद साहू ने कहा कि मोदी की गारंटी में एक लाख सरकारी नौकरी देने का वादा किया गया था। इस हिसाब से 2 साल में प्रदेश के 40,000 युवाओं को नौकरी मिल जानी चाहिए थी, लेकिन सरकार की नीतियों ने “रोजगार देने के बजाय रोजगार छीना है।
उन्होंने कहा कि पीएससी एवं व्यापम परीक्षाओं में लगातार त्रुटियां, पेपर लीक और विवाद सरकार की सोची-समझी रणनीति का हिस्सा हैं, जिससे युवाओं को यह भ्रम हो कि भर्ती प्रक्रिया तो शुरू हुई थी, लेकिन त्रुटियों के कारण नौकरी नहीं मिल पाई।