वन विभाग की कार्रवाई : अवैध सागौन लकड़ी परिवहन करते दो आरोपी गिरफ्तार, एक ट्रैक्टर जब्त

TEJASWI NATH SONI

October 26, 2025

बलौदाबाजार, 26 अक्टूबर 2025।

वनमंडलाधिकारी बलौदाबाजार गणवीर धम्मशील के निर्देशन में वन विभाग की टीम ने शनिवार को वन परिक्षेत्र देवपुर अंतर्गत अवैध सागौन लकड़ी परिवहन की बड़ी कार्रवाई की है। गश्ती दल ने मौके से एक ट्रैक्टर ट्रॉली सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

 

वन परिक्षेत्र अधिकारी संतोष कुमार पैकरा के नेतृत्व में गश्ती दल द्वारा देवरूम वनोपज जांच नाका के समीप एक सोल्ड पावर ट्रैक्टर ट्रॉली (नीला रंग) को रोका गया, जिसमें विनिर्दिष्ट प्रजाति की सागौन लकड़ी (4 नग, कुल 0.443 घनमीटर) अवैध रूप से परिवहन की जा रही थी।

 

जांच के दौरान वाहन चालक किसी प्रकार की वैध अनुमति या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। मौके पर मौजूद आरोपी लवकेश पिता सुमन यादव (27 वर्ष) एवं भूपेन्द्र पिता भगतराम नायक (40 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम देवरूम, को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

 

वन विभाग ने आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ वनोपज (व्यापार विनियमन) अधिनियम, 1969 की धारा 5(1), 15(2) एवं 16(क) के तहत अपराध प्रकरण क्रमांक 15679/20 दिनांक 25/10/2025 दर्ज करते हुए वाहन व लकड़ी को जप्त किया है।

 

वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने क्षेत्र में गश्त और निगरानी को और सख्त करने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी भी प्रकार के अवैध वनोपज परिवहन पर पूर्ण नियंत्रण रखा जा सके।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment