अमेठी घाट पुल पर खतरे का खेल! ट्रैक्टर-ट्रॉली पर मोटरसाइकिल लादकर लोग कर रहे घाट पार, प्रशासन मौन

TOSHAN PRASAD CHOUBEY

October 15, 2025

अमेठी, 15 अक्टूबर (बुधवार दोपहर) —
अमेठी घाट पुल पर इन दिनों लोगों की जान से खेलने वाले कारनामे खुलेआम देखने को मिल रहे हैं। ताजा जानकारी के अनुसार, लोग घाट को पार करने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली का सहारा ले रहे हैं और अपनी मोटरसाइकिलें ट्रॉली पर लादकर उफनते पानी के बीच से पार कर रहे हैं। इस खतरनाक करतब का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें साफ दिखाई दे रहा है कि घाट पर अब भी पानी बह रहा है और पुल के ऊपर काई जम चुकी है, जिससे फिसलने का गंभीर खतरा बना हुआ है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन की लापरवाही के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है। न तो घाट पर किसी प्रकार की रोक-टोक की व्यवस्था है और न ही कोई सुरक्षाकर्मी तैनात किया गया है। दो दिन पहले मीडिया में इस विषय को प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बावजूद शासन-प्रशासन की तरफ से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

ग्रामीणों का कहना है कि “अगर किसी के साथ कोई बड़ी दुर्घटना घट जाती है, तो उसकी जिम्मेदारी आखिर कौन लेगा?” अब यह सवाल उठ रहा है कि प्रशासन कब तक आंख मूंदे बैठे रहेगा और लोगों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम कब उठाए जाएंगे।
स्थिति गंभीर है, क्योंकि पुल पर जमी फिसलन भरी काई किसी भी समय बड़ा हादसा करा सकती है। लोगों की मजबूरी और प्रशासन की उदासीनता मिलकर एक बड़ी त्रासदी को न्योता दे रही है।

प्रबंध संपादक (Managing Editor)

Share this content:

1 thought on “अमेठी घाट पुल पर खतरे का खेल! ट्रैक्टर-ट्रॉली पर मोटरसाइकिल लादकर लोग कर रहे घाट पार, प्रशासन मौन”

Leave a Comment