
बलौदाबाजार, 8 अक्टूबर 2025।
शासकीय उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय टुण्डरा के प्रभारी प्राचार्य रमेशर बंजारे को विद्यालय का फर्नीचर निजी विद्यालयों को बेचने के मामले में संचालक, लोक शिक्षण द्वारा निलंबित कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य रमेशर बंजारे पर आरोप था कि उन्होंने शाला प्रबंधन एवं विकास समिति की सहमति से विद्यालय के टेबल-बेंच (फर्नीचर) को निजी स्कूलों को बेच दिया। इस कृत्य का ग्रामवासियों ने विरोध किया और दिनांक 13 सितंबर 2025 को विकासखंड शिक्षा अधिकारी, कसडोल को इस संबंध में मौखिक शिकायत दर्ज कराई गई।
शिकायत के बाद जिला शिक्षा अधिकारी, बलौदाबाजार-भाटापारा द्वारा तहसीलदार टुण्डरा, विकासखंड शिक्षा अधिकारी कसडोल, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी कसडोल, विकासखंड स्त्रोत समन्वयक कसडोल, तथा संकुल समन्वयक टुण्डरा, नरघा एवं कुम्हारी की संयुक्त टीम से स्थल निरीक्षण एवं जांच कराई गई।
जांच में यह पाया गया कि प्रभारी प्राचार्य रमेशर बंजारे ने विद्यालय के उपयोगी फर्नीचर में से
-
ज्ञान अमृत विद्यालय टुण्डरा को 67 नग टेबल-बेंच तथा
-
धाविका पब्लिक स्कूल शिवरीनारायण, जिला जांजगीर-चांपा को 40 नग टेबल-बेंच
शाला प्रबंधन एवं विकास समिति की अनुशंसा पर बेच दिए थे।
जांच में उनके इस कृत्य को पदीय उत्तरदायित्वों के निर्वहन में घोर लापरवाही एवं अनुशासनहीनता माना गया है, जो छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम 3 का उल्लंघन है।
इसके परिणामस्वरूप, रमेशर बंजारे को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम 9(1)(क) के प्रावधान अनुसार तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय जिला शिक्षा अधिकारी, बलौदाबाजार-भाटापारा कार्यालय नियत किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियम अनुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्राप्त होगा।

सरकार और प्रशासन को तुरंत कदम उठाने चाहिए “