सोनाखान। 1857 के स्वतंत्रता संग्राम के अग्रदूत, जननायक और छत्तीसगढ़ के प्रथम स्वतंत्रता सेनानी वीर नारायण सिंह की स्मृति में हर वर्ष की तरह इस बार भी शहादत दिवस और श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन सोनाखान में 10 दिसंबर 2025, बुधवार को किया जा रहा है। यह आयोजन आदिवासी विकास विभाग, जिला बलौदाबाजार-भाटापारा द्वारा किया जाएगा।
कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम के प्रति लोगों में विशेष उत्साह है, क्योंकि यह आयोजन न सिर्फ शहीद की वीरता को याद करता है, बल्कि आदिवासी समाज की गौरवशाली परंपरा को भी आगे बढ़ाता है।
अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में अरुण साव (उप मुख्यमंत्री) के साथ प्रदेश के कई मंत्री भी मौजूद रहेंगे। इनमें श्याम बिहारी जायसवाल, रामबिचार नेताम, टंक राम वर्मा, केदार कश्यप, गुरु खुशवंत सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि शामिल हैं।
सांसद, विधायक, जनपद एवं जिला पंचायतों के प्रतिनिधि, सामाजिकजन और स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में जुटेंगे।
कार्यक्रम 10 दिसंबर को दोपहर 12 बजे ग्राम सोनाखान, विकासखण्ड कसडोल में आयोजित होगा, जहाँ शहीद वीर नारायण सिंह के बलिदान को नमन किया जाएगा।
स्थानीय प्रशासन,जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने सभी नागरिकों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर वीर शहीद को श्रद्धांजलि देने की अपील की है।
