विकास की तेज रफ़्तार से जिले की तस्वीर बदलेगी – प्रभारी मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ढाई करोड़ से अधिक की लागत से बने वृहद पुल का लोकार्पण, करोड़ों के विकास कार्यों की सौगात

TEJASWI NATH SONI

November 3, 2025

बलौदाबाजार, 3 नवम्बर 2025।
जिले के प्रभारी एवं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने रविवार को ग्राम खटियापाटी में आयोजित कार्यक्रम में ₹2 करोड़ 67 लाख 91 हजार की लागत से निर्मित वृहद पुल का लोकार्पण किया। साथ ही ₹20 लाख की लागत से बनने वाले बाउंड्रीवाल का भूमिपूजन किया।

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना अंतर्गत विकासखण्ड बलौदाबाजार के बिटकुली–खटियापाटी–सुढ़ेला–जुड़ा मार्ग पर आरडी 2600 मीटर पर मल्लीन नाला में 75 मीटर लंबी इस वृहद पुल के निर्माण से खटियापाटी, सुढ़ेला, पैजनी, जुड़ा, बरदा एवं चिचिरदा ग्रामों के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।

मंत्री जायसवाल ने अपने उद्बोधन में कहा —

“25 साल का नया छत्तीसगढ़ अपने नये आयाम को साबित कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य विकास के पथ पर तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। हर ओर विकास की गंगा बह रही है।”

उन्होंने कहा कि बलौदाबाजार-भाटापारा जिला धार्मिक, ऐतिहासिक और औद्योगिक दृष्टि से समृद्ध क्षेत्र है। आने वाले वर्षों में यह जिला छत्तीसगढ़ का अग्रणी विकास केंद्र बनेगा।

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण हम सबके जीवन में बड़ा परिवर्तन लेकर आया है। उन्होंने गांवों में सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा हेतु बाउंड्रीवाल निर्माण की आवश्यकता पर बल दिया।

इस अवसर पर पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, डॉ. सनम जांगड़े सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी संबोधित किया।


करोड़ों के विकास कार्यों की सौगात

प्रभारी मंत्री ने मौके पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मांग पर लगभग ₹1 करोड़ 62 लाख के विकास कार्यों की घोषणा की —

  • ग्राम खटियापाटी में तालाब सौंदर्यीकरण हेतु ₹30 लाख

  • हायर सेकेंडरी स्कूल भवन स्वीकृति

  • श्मशान घाट बाउंड्रीवाल हेतु ₹20 लाख

  • गो-धाम सौंदर्यीकरण हेतु ₹10 लाख

  • हायर सेकेंडरी स्कूल बिटकुली में बाउंड्रीवाल हेतु ₹20 लाख

  • ग्राम पंचायत शुक्लाभाठा में सीसी रोड हेतु ₹20 लाख

  • ग्राम पंचायत पनगांव, गिंदोला, सुढ़ेला, जुड़ा में सीसी रोड हेतु ₹10-10 लाख

  • ग्राम पंचायत कोयदा, अहिल्दा, करदा में सांस्कृतिक भवन हेतु ₹2.5-2.5 लाख

  • यादव समाज, साहू समाज एवं जनजाति समाज के सामुदायिक भवन हेतु ₹5-5 लाख


कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, कलेक्टर दीपक सोनी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष पवन साहू, जनपद अध्यक्ष सुलोचना यादव, जिला पंचायत सदस्य इंदु जांगड़े सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित थे।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment