
पलारी
24 नवंबर 2025
नगर पंचायत पलारी में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की गति लगातार मजबूत हो रही है। रविवार को नोडल अधिकारी श्री मनोज कुमार बंजारा और बूथ सुपरवाइज़र पलारी ने वार्ड क्रमांक 07 का केंद्र निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान BLO भानु ध्रुव घर-घर जाकर मतदाता विवरण का सत्यापन करते मिले। 2003 की पुरानी सूची के साथ वर्तमान अभिलेखों का मिलान कर प्रविष्टियों की सटीकता सुनिश्चित की जा रही है। BLO ने मतदाताओं से अपील की कि वे आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराएँ और सत्यापन प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग दें, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से न छूटे।

इसी दौरान रायपुर संभाग के कमिश्नर श्री महादेव कावरे व पलारी एस डी एम दीपक निकुंज भी जिले के पलारी और बलौदाबाजार तहसीलों में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य का व्यापक केंद्र निरीक्षण किया। मतदान केंद्रों में चल रहे डिजिटाइजेशन और मतदाता सूची अद्यतन कार्य का प्रत्यक्ष मूल्यांकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गणना पत्रकों, मतदाता संख्या और डेटा प्रविष्टि प्रगति की विस्तृत जानकारी ली।
कमिश्नर कावरे ग्राम खरतोरा के मतदान केंद्र पहुंचे, जहाँ उन्होंने मतदाताओं से सीधा संवाद स्थापित कर गणना पत्रक भरते समय आ रही व्यावहारिक समस्याओं को समझा। उन्होंने संबंधित टीमों को निर्देश दिए कि फील्ड में आने वाली चुनौतियों का समाधान त्वरित रूप से किया जाए, जिससे अभियान की गति प्रभावित न हो।
तहसील पलारी कार्यालय में भी कमिश्नर ने केंद्र निरीक्षण करते हुए ऑपरेटरों के डिजिटाइजेशन कार्य की समीक्षा की। उन्होंने अपने समक्ष गणना पत्रक का डिजिटाइजेशन करवाकर पूरी प्रक्रिया की सटीकता और वास्तविकता का प्रत्यक्ष आकलन किया। कमिश्नर ने डेटा एंट्री में सावधानी, पारदर्शिता और समय-सीमा के कठोर अनुपालन पर विशेष बल दिया।
पलारी क्षेत्र में चल रहा विशेष पुनरीक्षण अभियान अब अधिक संगठित और प्रभावी रूप में आगे बढ़ रहा है। फील्ड टीमों की लगातार सक्रियता और स्थानीय नागरिकों की भागीदारी से मतदाता सूची का अद्यतन कार्य नई विश्वसनीयता और गति के साथ आगे बढ़ता दिख रहा है।