वन्यजीवों के संरक्षण, पर्यावरण जागरूकता और स्थानीय समुदाय की भागीदारी को किया प्रोत्साहित
बलौदाबाजार-: 10 अक्टूबर 2025 वनमण्डलाधिकारी गणवीर धम्मशील के निर्देशानुसार और अधीक्षक बारनवापारा अभयारण्य कृषानू चन्द्राकार के नेतृत्व में बलौदाबाजार वनमण्डल में वन्यप्राणी संरक्षण सप्ताह 2 से 8 अक्टूबर तक हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। इस सप्ताह भर के आयोजन का मुख्य उद्देश्य वन्यजीवों के संरक्षण, पर्यावरण जागरूकता और इसमें स्थानीय समुदाय की भागीदारी को बढ़ाना था।
विभिन्न गतिविधियों के साथ मनाया गया सप्ताह
संरक्षण सप्ताह का शुभारंभ 2 अक्टूबर को गांधी जयंती एवं सेवा पर्व के अवसर पर तुरतुरिया वाल्मीकि आश्रम परिसर में “स्वच्छता अभियान” के साथ किया गया। इसमें स्थानीय ग्रामीणों और वन विभाग के कर्मचारियों ने मिलकर पॉलिथीन मुक्त अभियान चलाया और सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।
3 अक्टूबर को “बर्ड एवं बटरफ्लाई वॉक” का आयोजन किया गया, जिसने छात्रों, ग्रामीणों और पक्षी विशेषज्ञों को स्थानीय पक्षियों एवं तितलियों की प्रजातियों से परिचित कराया। 4 अक्टूबर को आयोजित “बांस शिल्प कार्यशाला” में स्थानीय कारीगरों द्वारा निर्मित उत्पादों का प्रदर्शन किया गया और उन्हें व्यवसायिक दृष्टिकोण से आगे बढ़ाने पर चर्चा हुई।
5 अक्टूबर को “नेचर वॉक (फ्लोरल स्पीशीज़)” के माध्यम से प्रतिभागियों को क्षेत्र की पुष्पीय विविधता की जानकारी दी गई। 6 अक्टूबर को “पेंटिंग प्रतियोगिता एवं डॉक्यूमेंट्री स्क्रीनिंग” का आयोजन कराया गया, जिसमें वन्यजीवों पर आधारित फिल्मों का प्रदर्शन हुआ।
सप्ताह के अंत में, 7 अक्टूबर को “क्विज़ प्रतियोगिता” रखी गई, जिसमें वन्यजीव संरक्षण, पारिस्थितिकी और अभ्यारण्य के महत्व पर आधारित ज्ञानवर्धक प्रश्न पूछे गए। सप्ताह का समापन 8 अक्टूबर को “पुरस्कार वितरण समारोह” के साथ हुआ, जिसमें सभी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया।
वन्यजीव फोटोग्राफी प्रतियोगिता में शानदार भागीदारी
इन आयोजनों के साथ ही, एक विशेष आयोजन के रूप में “वन्यजीव फोटोग्राफी प्रतियोगिता” का भी आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में राज्य की विविध वन्यजीव संपदा, पक्षी, सरीसृप, कीट-पतंगों एवं प्राकृतिक दृश्यों की उत्कृष्ट तस्वीरें आमंत्रित की गई थीं। इस प्रतियोगिता में प्रदेशभर से लगभग 100 प्रतिभागियों ने अपने कैमरे से कैद किए गए शानदार फोटोग्राफ्स के साथ भाग लिया, जो वन्यजीवों के प्रति उनकी गहरी रुचि को दर्शाता है।
बहुत अच्छा प्रयास, दिल से सलाम ❤️
“इस तरह की खबरें बदलाव की शुरुआत होती हैं 🌱