पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना ने जिले में जगाई ऊर्जा आत्मनिर्भरता—728 घरों में सोलर पैनल स्थापित, 7,869 परिवार जुड़े अभियान से

TEJASWI NATH SONI

December 8, 2025

बलौदाबाजार, 8 दिसम्बर 2025/ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में ऊर्जा क्रांति का स्वरूप ले रही है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन और कलेक्टर दीपक सोनी के प्रभावी पर्यवेक्षण से यह योजना जिले में तेजी से आम जनता तक पहुँच रही है।

 

जिला प्रशासन की सक्रियता और लोगों की बढ़ती जागरूकता के कारण अब तक 7,869 परिवारों ने योजना में पंजीकरण कर सौर ऊर्जा अपनाने की दिशा में ठोस कदम बढ़ाया है। यह आँकड़ा न केवल सरकारी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन को दर्शाता है, बल्कि जिले के नागरिकों की ऊर्जा आत्मनिर्भरता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सकारात्मक सोच का द्योतक भी है।

 

प्रशासन की निगरानी और त्वरित प्रक्रियाओं के चलते 728 परिवारों के घरों की छतों पर सोलर रूफटॉप प्लांट स्थापित किए जा चुके हैं। इन परिवारों को अब मुफ्त बिजली का प्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है। इससे न केवल उनकी मासिक आर्थिक बचत हो रही है, बल्कि जिले में स्वच्छ और नवीकरणीय ऊर्जा का उपयोग भी तेजी से बढ़ रहा है।

 

योजना के पारदर्शी क्रियान्वयन की दिशा में 501 लाभार्थियों को सब्सिडी का भुगतान भी किया जा चुका है, जिससे आम नागरिकों का भरोसा मजबूत हुआ है और योजना की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है।

 

कलेक्टर दीपक सोनी ने कहा कि—“जिले को ऊर्जा आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध है। प्रत्येक योग्य परिवार को योजना का लाभ दिलाने के लिए लगातार मॉनिटरिंग और जागरूकता गतिविधियाँ चलाई जा रही हैं।”

 

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में बलौदाबाजार-भाटापारा आज प्रदेश में एक ऐसा मॉडल बनकर उभर रहा है, जहाँ सरकारी योजनाएँ जनभागीदारी के साथ जमीन पर प्रभावी रूप से लागू हो रही हैं और समाज में वास्तविक परिवर्तन ला रही हैं।

District Bureau Chief BALODA BAZAR

Share this content:

Leave a Comment