बसना, महासमुंद। बसना विकासखण्ड के ग्राम नौगड़ी में अवैध शराब और नशे की बढ़ती समस्या को समाप्त करने के उद्देश्य से गाँव के सैकड़ों महिला-पुरुष, युवा और बुजुर्ग एकजुट होकर नशामुक्ति अभियान के समर्थन में लामबंद हुए। सरपंच संतोषी मोहरसाय ओगरे के नेतृत्व में ग्राम देवगुड़ी चौक में सामूहिक बैठक आयोजित की गई, जिसके बाद ग्रामीणों ने एकजुट होकर नशामुक्ति रैली निकालकर पूरे गाँव में जागरूकता संदेश दिया।
बैठक में सर्वसम्मति से यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया कि आज के बाद ग्राम नौगड़ी में कोई भी व्यक्ति अवैध रूप से शराब या गांजा का निर्माण, बिक्री या संग्रह नहीं करेगा। यदि ऐसा पाया गया तो ग्रामसभा द्वारा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
ग्राम में अवैध नशे की उपलब्धता से बढ़ रही थीं समस्याएँ
ग्रामीणों ने बताया कि गाँव में अवैध गांजा और देसी शराब की आसान उपलब्धता के कारण शराबखोरी का चलन तेज़ी से बढ़ रहा था। कई स्थानों पर अवैध शराब बिक्री से माहौल बिगड़ रहा था—
शराब के नशे में धुत लोग गाली-गलौज कर सामाजिक शांति भंग कर रहे थे
किशोर और युवा नशे की चपेट में आते जा रहे थे
अमानक शराब पीने से लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर दुष्प्रभाव पड़ रहे थे
महिलाओं और बुजुर्गों को असुरक्षा की स्थिति का सामना करना पड़ रहा था
ग्रामीणों ने एक स्वर में कहा कि अब गाँव को नशे के दुष्परिणामों से मुक्त कर सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण बनाने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।
समाजसेवी, जनप्रतिनिधि और पुलिस प्रशासन की उपस्थिति
गाँव को नशे से मुक्त करने के इस संकल्प में क्षेत्र के प्रमुख समाजसेवी, धार्मिक गुरु एवं जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए। अभियान के दौरान नशे के दुष्परिणामों पर विस्तार से चर्चा हुई और ग्रामीणों को नशामुक्त जीवन की ओर प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से उपस्थित रहे
जिला पंचायत सदस्य सीमा त्रिलोचन नायक
जिला पंचायत सदस्य देवकी दीवान
प्राचीन कबीर कुटी से महंत लखन मुनि साहेब
सरपंच संतोषी मोहरसाय ओगरे
लिंगराज पटेल
गायत्री परिवार से जयदेव प्रधान
परदेशी पटेल
ग्राम के पंचगण एवं सैकड़ों ग्रामीणजन
गाँववासियों का यह संकल्प नौगड़ी को नशा मुक्त और स्वस्थ गाँव बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।