
रायपुर। प्रदेश में धान खरीदी प्रारंभ होने के बावजूद बड़ी संख्या में किसानों को टोकन न मिल पाने और ऑनलाइन पोर्टल की तकनीकी खराबियों के कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों को उनके धान की बिक्री में हो रही देरी मानसिक तनाव का कारण बन रही है।
इसी गंभीर स्थिति को लेकर बहुजन समाज पार्टी छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टंडन ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
अपने पत्र में टंडन ने कहा कि प्रदेश भर में धान खरीदी केंद्रों में रोज़ाना हजारों किसान टोकन न कटने से निराश होकर लौट रहे हैं। ऑनलाइन पोर्टल की तकनीकी समस्याएँ लगातार बढ़ती जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि महासमुंद जिले में एक किसान टोकन न मिलने और समस्या के समाधान न होने की वजह से मानसिक रूप से टूट गया और आत्महत्या जैसा कदम उठाने को विवश हो गया। यह घटना प्रशासन की गंभीर लापरवाही को दर्शाती है।
टंडन ने कहा कि “किसान प्रदेश की रीढ़ हैं। यदि वही धान बेचने में असमर्थ होकर तनाव और आत्महत्या जैसे कदम उठाने को मजबूर हों, तो यह संपूर्ण प्रशासनिक व्यवस्था की विफलता को उजागर करता है।”
उन्होंने मुख्यमंत्री से धान खरीदी प्रक्रिया में तुरंत सुधार करने,
टोकन प्रक्रिया को सरल बनाने,
ऑनलाइन पोर्टल की तकनीकी गड़बड़ियों को दूर करने,
किसानों को बिना परेशानी धान बेचने की व्यवस्था सुनिश्चित करने,
तथा पीड़ित किसान को उचित मुआवजा देने
की मांग की है।
अंत में उन्होंने आशा व्यक्त की कि राज्य सरकार इस गंभीर मुद्दे को संज्ञान में लेकर त्वरित कार्रवाई करेगी, जिससे किसानों को राहत मिल सके।