बलौदाबाजार । 9 फरवरी 2026 वित्त मंत्री एवं यूथ आइकॉन ओ..पी. चौधरी सोमवार को जिला ऑडिटोरियम, बलौदाबाजार में केंद्रीय बजट 2026–27 विषय पर आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने की। दीप प्रज्ज्वलन एवं वंदेमातरम गायन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने भारत माता एवं छत्तीसगढ़ महतारी के जयघोष के साथ युवाओं से संवाद प्रारंभ किया। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा से लेकर आईएएस बनने तक के जीवन संघर्षों और अभावों के बीच लक्ष्य प्राप्ति के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि यदि व्यक्ति कुछ बनने की ठान ले, तो विपरीत परिस्थितियाँ भी बाधा नहीं बनतीं।
उन्होंने युवाओं को परिवर्तन का वाहक बताते हुए कहा कि किसी भी क्षेत्र में जुनून और संकल्प हो, तो सफलता निश्चित है। अवसरों को उपलब्धि में बदलने के लिए युवाओं को अपनी क्षमताओं का विस्तार करते हुए भविष्य की स्पष्ट योजना बनानी चाहिए। केवल डिग्रियों की गिनती के लिए नहीं, बल्कि जीवन की योजना से जुड़ी पढ़ाई करें—कहाँ और कैसे आगे बढ़ना है, यह तय करें तथा आलोचनाओं को मन से निकाल दें।
वित्त मंत्री ने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी आशा बनाए रखने वाला व्यक्ति हर चुनौती पर विजय प्राप्त करता है। आज का भारत संभावनाओं से भरा है; शिक्षा के माध्यम से विकसित भारत बनने की अपार संभावनाएँ हैं। सरकारी नौकरी के अलावा खेल और निजी क्षेत्र में भी असीम अवसर मौजूद हैं। भारत विश्व की सबसे तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में है और 2047 तक 30–40 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में अग्रसर है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के विज़न का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्रीय बजट 2026–27 में रेयर अर्थ, एआई, रेलवे, आयुष, शिक्षा और स्वास्थ्य सहित सभी क्षेत्रों पर संतुलित फोकस है। इस दौरान उन्होंने युवाओं की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया और ‘हम होंगे कामयाब’ पहल के तहत कौशल विकास एवं रोजगार नियोजन की सराहना की।
राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि युवा संवाद कार्यक्रम में केंद्रीय बजट और युवाओं के भविष्य निर्माण पर सार्थक चर्चा हुई। यह बजट केवल 2026–27 की योजनाओं तक सीमित नहीं, बल्कि 2047 तक विकसित भारत के विज़न को साकार करने वाला है। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति देश की प्रगति का इंजन बनेगी और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सामूहिक नेतृत्व में यह बजट युवाओं के लिए गेम-चेंजर सिद्ध होगा।
कार्यक्रम को पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, अखिलेश सोनी एवं जिला अध्यक्ष आनंद यादव ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम में ‘हम होंगे कामयाब’ योजना के अंतर्गत 61 युवाओं को रोजगार नियोजन पत्र प्रदान किए गए। साथ ही जिले की नव नियुक्त 10 महिला आरक्षकों, मल्लखम्ब के 3 एवं क्रिकेट के 2 खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर कलेक्टर दीपक सोनी, पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता, नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन, पूर्व विधायक डॉ. सनम जांगड़े, प्रमोद शर्मा, जिला पंचायत सदस्य ईशान वैष्णव, प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा, जिला अध्यक्ष प्रणम्य पाण्डेय सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।