बलौदाबाजार, 20 फरवरी 2026। गिरौदपुरी मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को उपलब्ध जनसुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी आसानी से उपलब्ध कराने जिला प्रशासन द्वारा वेबसाइट एवं मोबाइल एप्लीकेशन लॉन्च किया गया। सर्किट हाउस गिरौदपुरी में धर्मगुरु बालदास साहेब ने लैपटॉप के माध्यम से वेबसाइट और मोबाइल ऐप का शुभारंभ किया। इस अवसर पर कलेक्टर दीपक सोनी एवं एसपी भावना गुप्ता सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रशासन द्वारा बताया गया कि गिरौदपुरी मेले की वेबसाइट www.giraudpurimela.com के माध्यम से मेले में उपलब्ध सुविधाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की जा सकती है। साथ ही https://giraudpurimela.com/app-install लिंक से मोबाइल एप डाउनलोड किया जा सकता है।
वेबसाइट, मोबाइल ऐप एवं क्यूआर कोड के जरिए श्रद्धालु भोजन व्यवस्था, पेयजल, पार्किंग, कंट्रोल रूम, चिकित्सा एवं एंबुलेंस सेवा, स्नान घर एवं निस्तारी सुविधा, शौचालय एवं बायोटॉयलेट व्यवस्था सहित अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां अपने एंड्रॉयड मोबाइल पर आसानी से देख सकेंगे।
मेला स्थल पर विभिन्न स्थानों पर क्यूआर कोड लगाए जा रहे हैं, जिससे श्रद्धालु सीधे स्कैन कर आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकें। इसके अतिरिक्त बड़े बैनरों के माध्यम से मेले का नक्शा भी प्रदर्शित किया गया है, ताकि आगंतुकों को सुविधा हो।
जिला प्रशासन का उद्देश्य तकनीक के माध्यम से मेले में पारदर्शी, सुव्यवस्थित एवं सुगम व्यवस्था सुनिश्चित करना है।