बलौदाबाजार 12 दिसम्बर 2025 कलेक्टर दीपक सोनी के मार्गदर्शन में आज जिला ऑडिटोरियम में ‘हम होंगे कामयाब’ कार्यक्रम के तहत चयन परीक्षा का सफल आयोजन किया गया। जिलेभर से आए कुल 205 युवाओं ने परीक्षा में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इनमे से 40 प्रतिभाशाली अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा, जिन्हें उड़ान IAS अकादमी में निःशुल्क कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी।
जिला प्रशासन की इस महत्वाकांक्षी पहल का मुख्य उद्देश्य मेधावी एवं संघर्षशील युवाओं को गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन प्रदान करना है, ताकि वे IAS सहित अन्य सिविल सेवा परीक्षाओं में सफलता हासिल कर सकें। यह अवसर न केवल युवाओं को उनके करियर लक्ष्य की ओर प्रेरित करेगा, बल्कि नये अवसरों के द्वार भी खोलेगा।
कार्यक्रम के माध्यम से प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि योग्य विद्यार्थियों के लिए संसाधनों की कमी बाधा नहीं बनेगी। चयनित युवाओं को उच्चस्तरीय तैयारी का लाभ मिलेगा, जिससे जिले में प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं का स्तर और बेहतर होने की उम्मीद है।