बलौदाबाजार, 19 दिसम्बर 2025/
थाना पलारी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सर्रा में मोटरसाइकिल से झपट्टा मारकर वृद्ध महिला से सोने की चेन लूटने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने त्वरित एवं सतत कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल एक आरोपी को महाराष्ट्र के धुले जिले से गिरफ्तार कर लिया है, जिसके कब्जे से ₹90,000 कीमत की लूटी गई सोने की चेन बरामद की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी शिवकुमार वर्मा ने थाना पलारी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 15 नवम्बर 2025 को दोपहर लगभग 3:30 बजे उसकी मां अपने घर के सामने चौरा में बैठी थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल से आए दो अज्ञात व्यक्तियों ने झपट्टा मारकर महिला के गले से सोने की चेन लूट ली और फरार हो गए। ग्रामीणों द्वारा पीछा किए जाने पर आरोपी ग्राम गोड़ा के पास खेत में मोटरसाइकिल छोड़कर भाग निकले थे।
मामले में अपराध क्रमांक 471/2025 धारा 304(1), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के निर्देशन में थाना पलारी पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों एवं मोटरसाइकिल के रजिस्ट्रेशन विवरण के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच में पता चला कि मोटरसाइकिल आरोपी रमेश पाटिल द्वारा उपयोग में लाई गई थी।
पुलिस टीम ने पतासाजी करते हुए आरोपी रमेश पाटिल (उम्र 50 वर्ष) को जिला धुले (महाराष्ट्र) से हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर लूट की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी के पास से घटना में लूटी गई ₹90,000 कीमत की सोने की चेन बरामद की गई है।
आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। प्रकरण में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश पुलिस द्वारा लगातार की जा रही है। मामले की विवेचना जारी है।