ग्राम रसौटा हत्याकांड: युवक करन गहिरवारे की मौत मामले में आरोपी समीर साय गिरफ्तार, सीसीटीवी फुटेज से खुला राज

TEKRAM KOSLE

January 11, 2026

रिपोर्टर टेकराम कोसले

बलौदाबाजार, 11 जनवरी 2026 | थाना पलारी
थाना पलारी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रसौटा में घटित युवक की हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी समीर साय को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी द्वारा की गई मारपीट और धक्का देने से युवक के सिर में गंभीर चोट आई थी, जिससे इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
घटना का पूरा विवरण
दिनांक 09 जनवरी 2026 को ग्राम रसौटा निवासी श्रीमती किरण गहिरवारे ने थाना पलारी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि
उनका पुत्र करन गहिरवारे (उम्र 27 वर्ष) दिनांक 29 दिसंबर 2025 की रात गांव में आयोजित एक कार्यक्रम देखने जा रहा था। इसी दौरान बस्ती स्थित एक दुकान के सामने वह गंभीर रूप से घायल अवस्था में गिर पड़ा।
परिजन तत्काल उसे इलाज हेतु पलारी, बलौदाबाजार और डीके अस्पताल रायपुर ले गए। लगातार उपचार के बावजूद 09 जनवरी 2026 को रायपुर के गुढ़ियारी में रिश्तेदार के घर उसकी मृत्यु हो गई। इसके पश्चात शव को ग्राम रसौटा लाया गया।
मामले में थाना पलारी में मर्ग क्रमांक 03/2026 दर्ज कर जांच प्रारंभ की गई।
सीसीटीवी फुटेज से हुआ बड़ा खुलासा
पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के कुशल निर्देशन में थाना पलारी पुलिस ने घटना की गहन जांच की।
जांच के दौरान ग्रामीणों, गवाहों एवं मृतक के परिजनों से पूछताछ की गई तथा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का सूक्ष्म अवलोकन किया गया।
सीसीटीवी फुटेज में यह स्पष्ट रूप से सामने आया कि 29 दिसंबर 2025 की रात लगभग 9:30 बजे
आरोपी समीर साय ने मृतक करन गहिरवारे के साथ झूमाझटकी एवं मारपीट की तथा उसे धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया, जिससे मृतक के सिर के पीछे गंभीर चोट आई। यही चोट आगे चलकर उसकी मृत्यु का कारण बनी।
हत्या का अपराध पंजीबद्ध, आरोपी गिरफ्तार
जांच के निष्कर्षों के आधार पर आरोपी के विरुद्ध
अपराध क्रमांक 13/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
पुख्ता साक्ष्य मिलने पर थाना पलारी पुलिस ने आरोपी को आज दिनांक 11 जनवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है।
आरोपी एवं मृतक का विवरण
आरोपी:
समीर साय, उम्र 35 वर्ष
निवासी – ग्राम रसौटा, थाना पलारी
मृतक:
करन गहिरवारे, पिता – बिसेलाल
उम्र – 27 वर्ष
निवासी – ग्राम रसौटा, थाना पलारी

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment