बिलासपुर।16 जनवरी 2026। केंद्रीय आवासन एवं शहरी विकास राज्यमंत्री श्री तोखन साहू के मुख्य आतिथ्य में ग्राम मोहभट्ठा स्थित स्वयंभू भुनेश्वर मंदिर परिसर के समीप ₹10 लाख 75 हजार की लागत से स्थापित दो सोलर हाईमास्ट संयंत्रों का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में बिल्हा विधायक श्री धरमलाल कौशिक तथा विशिष्ट अतिथि के तौर पर क्रेडा अध्यक्ष श्री भूपेन्द्र सवन्नी उपस्थित रहे।
लोकार्पण अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू ने कहा कि सोलर हाईमास्ट संयंत्रों की स्थापना से क्षेत्र में रात्रिकालीन प्रकाश व्यवस्था सुदृढ़ होगी, जिससे नागरिकों को आवागमन एवं सुरक्षा में सुविधा मिलेगी। उन्होंने इसे स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। इसके पश्चात अतिथियों ने स्वयंभू भुनेश्वर मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष बिल्हा श्री रामकुमार कौशिक, नगर पंचायत बिल्हा अध्यक्ष श्रीमती वंदना जेण्द्रे, नगर पंचायत उपाध्यक्ष श्री सतीश शर्मा, मोहभट्ठा सरपंच श्रीमती गौरी ध्रुव सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि राज्य शासन की योजना के अनुरूप पर्यटन स्थलों एवं प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर प्रकाश व्यवस्था सुदृढ़ करने हेतु सोलर हाईमास्ट संयंत्र लगाए जा रहे हैं, जिससे ऊर्जा संरक्षण के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिल रहा है।