पिथौरा क्रिकेट एकेडमी में अंडर-16 अभ्यास मैच, खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

SARJU PRASAD SAHU

March 28, 2026

पिथौरा। स्थानीय शहीद भगत सिंह खेल मैदान में पिथौरा क्रिकेट एकेडमी (पीसीए) द्वारा अंडर-16 खिलाड़ियों के बीच दो दिवसीय रोमांचक अभ्यास मैच का आयोजन किया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवा खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक माहौल में खेलने का अनुभव देना और उनके खेल कौशल को बेहतर बनाना रहा।

अभ्यास मैच में खिलाड़ियों को रेड टीम और ब्लू टीम में विभाजित किया गया। दोनों टीमों के बीच मुकाबले बेहद रोचक और कांटे के रहे। बल्लेबाजों ने जहां संयम और तकनीक का प्रदर्शन किया, वहीं गेंदबाजों ने सटीक लाइन-लेंथ से बल्लेबाजों को चुनौती दी। फील्डिंग के दौरान खिलाड़ियों की फुर्ती और तालमेल भी देखने लायक रहा।

पहले दिन खेले गए मुकाबले में रेड टीम ने जीत दर्ज की, जबकि दूसरे दिन ब्लू टीम ने शानदार वापसी करते हुए मैच जीतकर बराबरी कर ली। मैच के दौरान कई खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट व्यक्तिगत प्रदर्शन से कोचिंग स्टाफ और दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।

इस अवसर पर एकेडमी के संयोजक मनमीत सिंह छाबड़ा ने कहा कि पीसीए क्षेत्र के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और मंच प्रदान करने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जरूरत है तो केवल सही मार्गदर्शन और अवसर की।

उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास, फिटनेस ट्रेनिंग और तकनीकी कौशल के साथ-साथ मैच प्रैक्टिस भी कराई जा रही है, जिससे वे भविष्य में जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सकें।

मैच के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। कोच सुनील यादव के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों के खेल में निरंतर सुधार देखा जा रहा है। वहीं कोच विजय गौतम और वरिष्ठ खिलाड़ी दुर्गेश सोनी ने बताया कि खिलाड़ियों की तकनीक के साथ-साथ उनकी फिटनेस और मानसिक मजबूती पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

अभ्यास मैच के दौरान बड़ी संख्या में अभिभावक और खेल प्रेमी उपस्थित रहे, जिन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए एकेडमी की इस पहल की सराहना की।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment