महासमुंद। महिला एवं बाल विकास विभाग के निर्देशानुसार जिले में महतारी वंदन योजना के सभी हितग्राहियों का ई-केवायसी अनिवार्य रूप से किया जाएगा। इसके लिए 1 अप्रैल से 30 जून 2026 तक जिले के सभी कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) में विशेष अभियान चलाया जाएगा। जिले में कुल 3 लाख 26 हजार 814 हितग्राहियों का ई-केवायसी किया जाना है।
इस कार्य के सफल क्रियान्वयन के लिए जिले में कार्यरत वीएलई (विलेज लेवल एंटरप्रेन्योर) को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को महासमुंद विकासखंड के जनपद पंचायत सभागार में वीएलई का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर, महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी, पर्यवेक्षक तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम की तिथियां भी तय कर दी गई हैं। 27 मार्च को महासमुंद, 28 मार्च को बागबाहरा, 30 मार्च को पिथौरा, 31 मार्च को बसना एवं 1 अप्रैल को सरायपाली में प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा।
जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री जटवार ने बताया कि सभी हितग्राहियों के लिए ई-केवायसी कराना अनिवार्य है। हितग्राही अपने नजदीकी आंगनबाड़ी केंद्र से जुड़े सीएससी केंद्र में जाकर यह प्रक्रिया पूरी करा सकते हैं। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता इसमें सहयोग करेंगे।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जैसे-जैसे हितग्राहियों का ई-केवायसी पूर्ण होगा, उनकी जानकारी स्वतः अपडेट होती जाएगी और लंबित हितग्राहियों की सूची आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के आईडी में दिखाई देगी। यह पूरी प्रक्रिया निशुल्क होगी तथा हितग्राहियों की व्यक्तिगत जानकारी पूरी तरह सुरक्षित रखी जाएगी।
अधिकारियों ने बताया कि अभियान के सुचारू संचालन के लिए बाल विकास परियोजना अधिकारी एवं पर्यवेक्षक लगातार निगरानी करेंगे, ताकि किसी भी समस्या का त्वरित समाधान कर समयसीमा में कार्य पूर्ण किया जा सके।