विशेष शैक्षिक भ्रमण में प्रशिक्षणार्थियों व छात्रों को मिला वन प्रबंधन एवं जैविक खेती का व्यावहारिक ज्ञान

SARJU PRASAD SAHU

January 11, 2026

 

बलौदाबाजार। 11 जनवरी 2026 वनमण्डलाधिकारी बलौदाबाजार  गणवीर धम्मशील के निर्देशानुसार तथा उप वनमण्डलाधिकारी  अनिल वर्मा के मार्गदर्शन में शनिवार को वन परिक्षेत्र देवपुर में शैक्षणिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस विशेष शैक्षिक भ्रमण में महासमुंद वन विद्यालय के वनरक्षक प्रशिक्षणार्थियों के साथ-साथ गुरुघासीदास विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की।

कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षु परिक्षेत्र अधिकारी देवपुर  चंद्रहास ठाकुर ने उपस्थित प्रशिक्षणार्थियों एवं विद्यार्थियों को काष्ठ कूप के वैज्ञानिक प्रबंधन, वृक्षों की कटाई से संबंधित नियमों तथा डिपो संचालन की प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने वन संसाधनों के सतत उपयोग एवं संरक्षण के महत्व पर भी प्रकाश डाला।

भ्रमण के अंतर्गत वन प्रबंधन समिति से जुड़ी महिला समूहों द्वारा किए जा रहे कार्यों का अवलोकन कराया गया। श्री ठाकुर ने बताया कि महिला समूह जैविक खेती को अपनाकर न केवल पर्यावरण संरक्षण में योगदान दे रहे हैं, बल्कि इससे उनकी आजीविका भी सुदृढ़ हो रही है। इस अवसर पर छात्रों ने जैविक खाद निर्माण, प्राकृतिक खेती की तकनीकों तथा उसके लाभों को प्रत्यक्ष रूप से समझा।

इसके अतिरिक्त प्रशिक्षणार्थियों एवं छात्रों को ऐतिहासिक एवं वैज्ञानिक महत्व वाले ‘मनीराम सागौन वृक्षारोपण’ का भी अवलोकन कराया गया। यहाँ सागौन की गुणवत्ता, रोपण की वैज्ञानिक विधियाँ तथा संरक्षण के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई।

यह शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों और प्रशिक्षणार्थियों के लिए वन प्रबंधन एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में व्यवहारिक ज्ञान अर्जित करने का एक महत्वपूर्ण अवसर सिद्ध हुआ।

सह संपादक

Share this content:

1 thought on “विशेष शैक्षिक भ्रमण में प्रशिक्षणार्थियों व छात्रों को मिला वन प्रबंधन एवं जैविक खेती का व्यावहारिक ज्ञान”

  1. कितना भी पेड़ सरंक्षण कर लिया जाए सरकार तो कटवा ही देगी कोई मतलब नहीं है

    Reply

Leave a Comment